जमशेदपुर: 10 जनवरी, शनिवार को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण की अध्यक्षता में एसएसपी कार्यालय के सभागार में ग्रामीण क्षेत्र के सभी पुलिस उपाधीक्षक, पुलिस निरीक्षक एवं थाना प्रभारियों के साथ मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया. बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों की कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण की समीक्षा की गई. गोष्ठी में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार जनवरी 2024 से दिसंबर 2024 की तुलना में जनवरी 2025 से दिसंबर 2025 की अवधि में दर्ज आपराधिक मामलों में लगभग 10 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है. पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने इसे नियमित समीक्षा, सतत निगरानी और प्रभावी कार्रवाई का परिणाम बताया. (नीचे भी पढ़े)

उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 में अपराधों में और अधिक कमी लाने के लिए सभी पदाधिकारी समर्पित भाव से कार्य करें.
बैठक में लंबित कांडों, वारंट एवं कुर्की के शीघ्र निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया. साथ ही पासपोर्ट एवं चरित्र सत्यापन मामलों के त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए गए ताकि आम जनता को अनावश्यक विलंब का सामना न करना पड़े. फरार अभियुक्तों के विरुद्ध सघन अभियान चलाने और उनकी शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा गया. पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई हेतु नियमित छापामारी अभियान चलाने, चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए. (नीचे भी पढ़े)
इसके अतिरिक्त सीसीटीएनएस, आईटीएसएसओ, आईआरएडी, आईसीजेएस एवं जेओएफएस जैसे तकनीकी प्लेटफॉर्म के बेहतर उपयोग पर बल दिया गया, ताकि अनुसंधान एवं निगरानी प्रणाली और अधिक मजबूत हो सके.उन्होंने स्पष्ट किया कि पारदर्शी कार्यशैली, तकनीक के समुचित उपयोग और त्वरित कार्रवाई से ही अपराध नियंत्रण संभव है. बैठक के अंत में सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया.















