गालूडीह: अत्यधिक गर्मी को देखते हुए विधायक रामदास सोरेन पानी की समस्या से लोगों को निजात दिलाने के लिए कमर कस चुके हैं. गालूडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत महुलिया पंचायत के ऊपरडांगा में सोलर युक्त जलमीनार दो साल से खराब रहने से उक्त टोला के ग्रामीणों को लंबे समय से पेयजल समस्या हो रही है. इसकी शिकायत मिलने पर विधायक रामदास सोरेन पेयजल विभाग के कनीय अभियंता कैलाश राम के साथ शुक्रवार को उपरडांगा बस्ती पहुंचे.(नीचे भी पढे)
ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व मुखिया सुभाष सिंह ने अपने कार्यकाल में जलमीनार के कंट्रोलर को मरम्मत के नाम पर खोलकर ले गए थे. तब से जलमीनार खराब पड़ा हुआ है. उक्त जलमीनार से ग्रामीण प्यास बुझाते थे. ग्रामीणों ने कहा कि इस टोली में 100 से अधिक घर हैं और उनके बीच मात्र एक हैंडपंप है. ग्रामीणों को पेयजल के संकट से जूझना पड़ रहा है.(नीचे भी पढे)
खराब जलमीनार को 24 घंटे के अंदर दुरुस्त कराने का दिया आदेश
विधायक ने पीएचइडी के कनीय अभियंता कैलाश राम को आदेश दिया कि जलमीनार की जांच कर यह स्पष्ट करें कि क्या खराबी है. उन्होंने खराब जलमीनार को 24 घंटे के अंदर नया कंट्रोलर लगाकर दुरुस्त कराने का आदेश दिया. इसके लिए कनीय अभियंता को विधायक द्वारा दस हजार रुपये भी दिया गया. वहीं, कनीय अभियंता ने पूर्व मुखिया सुभाष सिंह से संपर्क किया और कहा कि पुराना कंट्रोलर को जल्द से जल्द विभाग को सौंपा जाए. मरम्मत के बाद कंट्रोलर भविष्य के लिए विभाग के पास सुरक्षित रहेगा. इस मौके पर विधायक के समक्ष बस्ती की विभिन्न समस्या को भी ग्रामीणों ने रखा.मौके पर प्रखंड अध्यक्ष वकील हेंब्रम, जगदीश भकत, अशोक महतो सह कई कार्यकर्ता उपस्थित थे.











