जमशेदपुर : मुसाबनी थाना क्षेत्र के सुरदा यूनियन बैंक के समीप शुक्रवार की शाम एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा उस समय हुआ जब एक ही स्कूटी पर चार युवक सवार होकर अपने घर लौट रहे थे. अनियंत्रित स्कूटी सड़क किनारे खराबी के कारण खड़े एक हाइवा से टकरा गई और स्कूटी समेत सभी युवक हाइवा के नीचे घुस गए. घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार घाटशिला थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर निवासी राहुल कर्मकार अपने दो सगे भाइयों, रोहित कर्मकार और समीर कर्मकार तथा अपने रिश्तेदार राज गोप (भगना) के साथ दिन में सुरदा अपनी ससुराल गया था. शुक्रवार की संध्या करीब सवा सात बजे चारों एक ही स्कूटी पर सवार होकर सुरदा से जगन्नाथपुर लौट रहे थे. इसी दौरान अंधेरे के कारण सड़क पर खड़ी हाइवा को वे देख नहीं पाए और हादसा हो गया. (नीचे भी पढ़ें)
हादसा इतना भयावह था कि रोहित कर्मकार (21), समीर कर्मकार (18) और राज गोप (17) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. रोहित और समीर सगे भाई थे, जबकि राज उनका भगना बताया जाता है. हादसे में राहुल कर्मकार (26) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया है. उधर घटना की सूचना मिलते ही घाटशिला और मुसाबनी पुलिस घाटशिला अनुमंडल अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी जुटाने में लग गई. हादसे की खबर फैलते ही जगन्नाथपुर समेत आसपास के गांवों से दर्जनों ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए. बताया जाता है कि रोहित और राहुल दोनों शादीशुदा थे और घाटशिला क्षेत्र में पुट्टी का काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे. इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है.














