रांची : झारखंड के रांची रेलवे स्टेशन पर इस्लामपुर–हटिया एक्सप्रेस के प्रस्थान के दौरान रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट रांची के जवानों द्वारा ऑपरेशन जीवन रक्षा के अंतर्गत एक महिला यात्री की सतर्कता एवं साहस का परिचय देते हुए जान बचाई गई. घटना के अनुसार, उक्त महिला यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रही थी. इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म एवं ट्रेन के बीच के गैप में फिसल गई. मौके पर ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल रूपेश कुमार गुप्ता ने घटना को देखते ही बिना समय गंवाए तत्काल महिला को सुरक्षित बाहर खींच लिया. उनकी त्वरित सूझबूझ एवं साहसिक कार्रवाई के कारण एक संभावित गंभीर दुर्घटना टल गई तथा महिला यात्री का जीवन सुरक्षित बचा लिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के उपरांत आरपीएफ कर्मी ट्रेन के सुरक्षित परिचालन एवं भीड़ प्रबंधन की ड्यूटी में व्यस्त रहे, जिसके कारण बचाई गई महिला यात्री का नाम एवं पता प्राप्त नहीं किया जा सका. महिला यात्री सुरक्षित होने के पश्चात तत्काल स्टेशन से चली गई. आरपीएफ कांस्टेबल रूपेश कुमार गुप्ता द्वारा प्रदर्शित सतर्कता, त्वरित निर्णय क्षमता एवं साहसिक कार्य अत्यंत प्रशंसनीय है. उनका यह उत्कृष्ट कार्य ऑपरेशन जीवन रक्षा के उद्देश्य को सार्थक करता है तथा रेलवे सुरक्षा बल की जनसेवा एवं यात्री सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करता है.







