जादूगोड़ा : यूसिल के नरवा यूरेनियम प्रोजेक्ट प्रबन्धन की ओर से बुधवार को सरकारी स्कूलों में खेल सामग्रियों व स्कूल बैग का वितरण किया गया. तीसरे चरण के इस वितरण अभियान में कंपनी की ओर से छह स्कूलों के कुल 432 बच्चों के बीच स्कूल बैगों व खेल सामग्रियों का वितरण किया गया. भुटका उत्क्रमित मध्य विद्यालय के सहायक शिक्षक पीयूष कुमार पालित ने यूसिल के इस कदम के बाबत कहा कि ऐसे कार्यक्रम से बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ती है व स्कूलों में शत-प्रतिशत उपस्थिति भी दर्ज की जा रही है. शिक्षा के क्षेत्र में कंपनी की इस पहल की सराहना हो रही है. (नीचे भी पढ़ें)
यूसिल की ओर से कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व के तहत स्कूल बैग व खेल सामग्रियों के वितरण के तीसरे चरण में नरवापहाड़ यूरेनियम प्रोजेक्ट से सटे पाथर चाकड़ी प्राथमिक विद्यालय, बाड़ेडीह प्राथमिक विद्यालय, माटकू उत्क्रमित मध्य विद्यालय, काशीडीह प्राथमिक मध्य विद्यालय, भुटका उत्क्रमिक मध्य विद्यालय, शंकरदा उत्क्रमिक उच्च विद्यालय के बच्चों को सामग्रियां प्रदान की गईं. इस मौके पर कंपनी के डिप्टी मैनेजर एस हेंब्रम, गाजिया हांसदा के साथ ही अन्य अनेक यूसिल कर्मी भी मौजूद रहे.



