रामगोपाल जेना,चाईबासा: कोल्हान विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा पीजी डिपार्टमेंट के इतिहास विषय के लगभग सौ से अधिक विद्यार्थियों के इंटरनल मार्क्स में गड़बड़ी किए जाने से आक्रोशित छात्रों ने बुधवार को परीक्षा नियंत्रक कार्यालय का घेराव किया और विश्वविद्यालय प्रशासन के विरुद्ध जमकर विरोध प्रदर्शन किया. सभी आंदोलनरत छात्र कार्यालय के मुख्य द्वार पर ही धरने पर बैठ गए और विश्वविद्यालय प्रशासन से अविलंब समस्या के लिखित आश्वासन कर समाधान करने की जिद्द पर अड़ गए. छात्रों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इतिहास विषय में कुल डेढ़ सौ छात्रों में से एक सौ से अधिक विद्यार्थियों को इंटरनल मार्क्स काफी कम दिया गया और किसी को जीरो मार्क्स भी दिया गया जो कि छात्रों के साथ के घिनौना मजाक है.(नीचे भी पढ़े)
विद्यार्थियों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए ओएसडी धर्मेंद्र रजक वार्ता के लिए आए और आंदोलनरत छात्रों से वार्ता शुरू हुई और उन्होंने सकारात्मक जवाब देते हुए कहा कि यह मामला कोल्हान विश्वविद्यालय के संज्ञान में आया है और विश्व विद्यालय प्रशासन ने इस समस्या के समाधान हेतु कार्रवाई करना शुरू कर दिया है. अगले एक सप्ताह के अंदर इसका समाधान कर दिया जाएगा. विदित हो कि इससे कुछ दिन पूर्व भी छात्र संघ के नेताओं ने इस मामले को लेकर विश्वविद्यालय का ध्यान आकृष्ट करवाया था लेकिन उनके सुस्त रवैये से नाराज छात्रों ने खुलकर विश्वविद्यालय के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. विरोध प्रदर्शन करने वालों में कांग्रेस जिलाध्यक्ष चन्द्रशेखर दास, झामुमो सह छात्र नेता मंजीत हांसदा , युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रीतम बांकिरा, कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय, एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष अनिश गोप, कांग्रेस जिला महासचिव रविन्द्र बिरुवा , छात्र नेता मंगल खंडाईत, शांति तामसोय अमित,अजय , राज कुमार , किशोर,शुभम सुंडी,गुलशन सहित काफी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल थे.



