जमशेदपुर : जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर परसुडीह थाना पुलिस की ओर से कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत एबीएमपीए उच्च विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में कक्षा 8वीं से 10वीं तक के विद्यार्थियों को नशा मुक्ति, साइबर अपराध, सड़क सुरक्षा और सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया गया. थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और साइबर ठगी से सतर्क रहने की अपील की. उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या साइबर अपराध होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की 108 एम्बुलेंस सेवा की जानकारी देते हुए बताया कि आपातकालीन स्थिति में इसका लाभ लिया जा सकता है. थाना प्रभारी ने नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने तथा यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता हर नागरिक की जिम्मेदारी है. कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में प्रचलित अंधविश्वास और डायन प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों पर भी चर्चा की गई. विद्यार्थियों को बताया गया कि ऐसी मान्यताओं का कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है और समाज को इनके खिलाफ जागरूक करना जरूरी है. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम में थाना प्रभारी अविनाश कुमार, प्रधानाचार्या संगीता रंजन, शिक्षक शंभूनाथ महतो, मुकेश कुमार रजक और एएसआई संदीप कुमार उपस्थित रहे. विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सवाल पूछे और पुलिस अधिकारियों से महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं. प्रधानाचार्या संगीता रंजन ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में कानून, सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति समझ विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.




