जमशेदपुर : जमशेदपुर के बारीडीह हाई स्कूल को सीनियर सेकेंडरी (प्लस टू) का दर्जा मिलने पर विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल है. यह उपलब्धि विद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता और विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है, जिससे अब छात्रों को उच्च माध्यमिक स्तर की पढ़ाई के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा. इस अवसर पर गुरुवार को विद्यालय परिसर में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में प्रधानाचार्या संगीता हालदार ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को कला (ह्यूमेनिटीज) और वाणिज्य (कॉमर्स) संकाय के अंतर्गत उपलब्ध विषयों की विस्तृत जानकारी दी. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने बताया कि नई शिक्षा नीति के तहत अब छात्र अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार विषयों का चयन कर सकते हैं, जिससे उनके कौशल का बेहतर विकास संभव होगा. संगोष्ठी में बड़ी संख्या में अभिभावकों और छात्रों ने भाग लिया और पाठ्यक्रम, करियर विकल्प तथा भविष्य की संभावनाओं को लेकर अपनी जिज्ञासाएं भी रखीं. विद्यालय प्रबंधन ने भरोसा दिलाया कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक संसाधनों के माध्यम से छात्रों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. यह पहल न केवल विद्यालय के शैक्षणिक स्तर को ऊंचाई देगी, बल्कि क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए बेहतर भविष्य की नई राह भी खोलेगी.



