जमशेदपुर : जमशेदपुर के बारीगोड़ा स्थित सामुदायिक उच्च विद्यालय के प्रांगण में शुक्रवार को ‘दुर्गा महोत्सव’ बड़े ही हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में धूमधाम से मनाया गया. इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और विभिन्न मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां दीं. कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा की गई रामलीला की प्रस्तुति, महिषासुर वध का जीवंत मंचन तथा मां दुर्गा के नौ रूपों का दिव्य चित्रण रहा. विद्यार्थियों ने अपने उत्कृष्ट अभिनय के माध्यम से समाज को बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया. महिषासुर वध के दृश्य ने उपस्थित दर्शकों और अतिथियों को विशेष रूप से आकर्षित किया. (नीचे भी पढ़ें)

वहीं, मां दुर्गा के नौ रूपों के माध्यम से बच्चों ने भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और नारी शक्ति के अतुलनीय महत्त्व को सजीव रूप से दर्शाया. विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा और कला का प्रदर्शन कर सभी की वाहवाही लूटी. सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के दौरान पूरा विद्यालय परिसर ‘जय माता दी’ के जयकारों और भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा.

इस गरिमामय अवसर पर विद्यालय प्रभारी एके श्रीवास्तव सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे. कार्यक्रम का संचालन मीना नंदिता धन्यवाद ज्ञापन अंजू कुमारी ने किया.








