
जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम थाना अंतर्गत आरवीएस एकेडमी स्कूल की पांचवी की छात्रा स्मृति भारद्वाज की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. घटना उस वक्त घटी जब स्मृति स्कूल से महज 100 मीटर की दूरी पर थी. उधर घटना की सूचना मिलते ही स्कूल में शोक की लहर दौड़ पड़ी. स्कूल के प्रिंसिपल ने बताया कि एसेंबली में किसी ने आकर बताया कि अपने ही स्कूल का ड्रेस पहने एक छात्रा का शव बीच सड़क पर बिखरा हुआ है. जाकर देखा तो हैरान रह गई. किसी को विश्वास ही नहीं हो रहा था. उधर घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई. बताया जाता है कि समृति अपने पिता के साथ बाइक पर सवार हो स्कूल जा रही थी. इसी दौरान शिरोमण नगर के पास तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रेलर चालक ने पीछे से ठोकर मार दी जिससे छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पिता बुरी तरह से घायल हो गए, जिसे स्थानीय लोगों ने अस्पताल भिजवाया. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह एक बेहद ही दर्दनाक घटना है. वही स्कूल प्रशासन का कहना है कि आते जाते कभी भी स्कूल के आस-पास ट्रैफिक पुलिस नहीं रहती है, जिससे हमेशा इस तरह का खतरा बना रहता है. फिलहाल घटना की सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मृतका मानगो वसुंधरा एस्टेट की रहने वाली थी, जिसके पिता विवेक कुमार का इलाज चल रहा है.




