जमशेदपुर : जुगसलाई राजस्थान शिवमंदिर में चल रहे शिव महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ के तीसरे दिन की कथा में कथावाचक विनयकांत त्रिपाठी ने कामरति चरित, सती चरित एवं पार्वती जन्म के प्रसंग को आगे बढ़ाते हुए पार्थिव शिवलिंग की पूजा को ही सर्वश्रेष्ठ बताया. उन्होंने शिव अभिषेक में मस्तिष्क पर भस्म धारण करने के महत्व की जानकारी दी एवं बताया कि शिवालय हमेशा घर की बाउंड्री से बाहर, सार्वजनिक स्थान पर होना चाहिए, ताकि सभी भक्तों को महाकाल की पूजा-अर्चना का सौभाग्य प्राप्त हो सके. उन्होंने बताया कि शिव क्षेत्र के एक हजार हाथ के दायरे में आप पहुंच गये, फिर इसके बाद किसी कारण से आपको वहां शिव जी के दर्शन नहीं भी होते हैं तो आपको उनके संपूर्ण दर्शन का लाभ प्राप्त हो जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने बताया कि माघ एवं फाल्गुन के महीने में कभी भी गंगा स्नान करने से पितृवंश को निश्चित रूप से मोक्षकी प्राप्ति हो जाती है. किसी भी अनुष्ठान को घर में करने के बजाय गौशाला में करिये, दस गुणा फल प्राप्त होगा. श्री त्रिपाठी ने बताया कि घरों में निश्चित रूप से नर्मदेश्वर शिवलिंग ही रखकर पूजा करनी चाहिए. (नीचे भी पढ़ें)

बिल्वपत्र की उत्पत्ति, बिल्वपत्र महिमा बताते हुए उन्होंने कहा कि गौ माता के गोबर से ही बिल्वपत्र वृक्ष का प्राकट्य हुआ है. एक बिल्वपत्र शिव को अर्पित करने से तीन जन्मों के पाप नष्ट हो जाते हैं. उसी तरह बिल्वपत्र के स्पर्श और दर्शन मात्र से करोड़ों पापों का नाश हो जाता है. कथा महोत्सव को सफल बनाने के लिए राजस्थान शिव मंदिर के अध्यक्ष छीतरमल धूत अपनी कमेटी के अरुण अग्रवाल, दीपक अग्रवाल रामुका, सांवर लाल शर्मा, विश्वनाथ शर्मा, पवन काबरा, कमल किशोर अग्रवाल, सीताराम भरतिया, सुशील सर्वा, राजेश एवं संजय गुप्ता के साथ सक्रिय रहे. इनके अलावा आज की कथा में मुरलीधर केडिया, घनश्याम गढ़वाल, नारायण भाउका, विश्वनाथ सोंथालिया, दिलावर साहू, मुरारी अग्रवाल, बिमल रिंगसिया, जगदीश धूत, पुरुषोत्तम अग्रवाल, अशोक आगीवाल, मुरलीधर ओमप्रकाश शर्मा आदि बू उपस्थित रहे.











