जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के राहरगोड़ा चौक के पास बुधवार सुबह करीब नौ बजे एक दुकानदार पर कुल्हाड़ी से हमला किए जाने का मामला सामने आया है. हमले में राहरगोड़ा निवासी दुकानदार मिथलेश कुमार के हाथ में चोट आई है. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. मिथलेश कुमार के अनुसार, वह सुबह अपनी दुकान में बैठे थे. इसी दौरान राहरगोड़ा निवासी कटप्पा अचानक दुकान पर पहुंचा और कुल्हाड़ी से उन पर हमला कर दिया. हमला होते देख मिथलेश पीछे हटे, इसी दौरान कुल्हाड़ी उनके हाथ में लग गई. इससे उनके हाथ में चोट आई. मिथलेश का कहना है कि यदि वह समय रहते पीछे नहीं हटते तो हमला गंभीर हो सकता था. (नीचे भी पढ़ें)
मिथलेश ने बताया कि मंगलवार को कटप्पा किसी के घर में घुसकर सो गया था. इसके बाद आसपास के लोगों ने उसे पकड़ लिया और खंभे से बांधकर उसकी पिटाई की थी. उस दौरान मिथलेश ने पुलिस को कटप्पा के बारे में जानकारी दी थी. सूचना मिलने पर पुलिस उसे पकड़कर थाने ले गई थी. मिथलेश के मुताबिक, देर शाम तक लिखित शिकायत नहीं मिलने पर पुलिस ने चेतावनी देकर कटप्पा को छोड़ दिया था. आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर कटप्पा ने बुधवार सुबह उनकी दुकान पर पहुंचकर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया.
घटना के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में जुटी है.







