
जमशेदपुर : सिखों के दसवें गुरु गोविंद सिंह जी का 354 वां प्रकाश पर्व कल गुरुवार को लौहनगरी में बड़े ही श्रद्धा एवं उत्साह के साथ परंपरागत तरीके से मनाया जाएगा. इस अवसर पर सोनारी गुरुद्वारा से विशाल नगर कीर्तन निकाला जाएगा जो सोनारी एरोड्रम, जुस्को टाउन ऑफिस, कीनन स्टेडियम, साकची गोलचक्कर होते हुए साकची गुरुद्वारा पहुंचेगा. गुरुवार को ही कोल्हान के सभी गुरुद्वारों में मंगलवार से रखे गए श्री अखंड पाठ का भोग डाला जाएगा और उसके उपरांत कीर्तन दरबार सजेगा. इसमें गुरु गोविंद सिंह जी के आगमन पर्व पर प्रकाश डाला जाएगा तथा सिखों से खंडे-बांटे की पाहुल (अमृत ) ग्रहण करने का आह्वान किया जाएगा. विभिन्न गुरुद्वारों में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, राजनीतिक दल के नेता एवं कारपोरेट क्षेत्र के अधिकारी शामिल होंगे. यह नगर कीर्तन श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्रछाया, पांच प्यारों की अगुवाई एवं सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के तत्वावधान में निकाला जाएगा. इसमें गुरुद्वारा समितियों द्वारा संचालित धार्मिक स्कूल, हिंदी माध्यम के हाई एवं मिडिल स्कूल, स्त्री सत्संग सभा के जत्थे, नौजवान सभा के कीर्तनी जत्थे, सिख मार्शल आर्ट गतका के जत्थे शामिल होंगे. सोनारी गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान तारा सिंह ने बताया कि ग्यारह बजे नगर कीर्तन एवं श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की सवारी पालकी साहिब को साकची के लिए रवाना किया जाएगा. इस दौरान सांसद विद्युत वरण महतो विधायक एवं पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता विधायक एवं पूर्व मंत्री सरयू राय एवं अन्य गणमान्य लोग श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे. कमेटी की ओर से अकाली दल के पांच प्यारों एवं गुरुद्वारा कमेटियों के प्रधान को सिरोपा देकर सम्मानित किया जाएगा. इधर साकची गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान हरविंदर सिंह मंटू ने बताया कि डियोढ़ साहिब के सामने रुमाला भेंटकर श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का स्वागत किया जाएगा. जमकर आतिशबाजी होगी. इस मौके पर विद्युत सज्जा भी आकर्षक ढंग से हुई है. हरविंदर सिंह मंटू ने बताया कि नगर कीर्तन के सुचारू रूप से संचालन के लिए कंट्रोलर के साथ ही सिख नौजवान सभा एवं ऑल इंडिया सिख स्टूडेंट्स फेडरेशन को सेवा सौंपी गई है.
बारीडीह गुरुद्वारा के नए दरबार का उदघाटन होगा
बारीडीह गुरुद्वारा साहिब के नए दरबार का उद्घाटन कल गुरुवार को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास उदघाटन करेंगे और इसे संगत को समर्पित करेंगे. दूसरे तल का सौंदर्यीकरण एवं नए भवन का निर्माण रघुवर दास के विधायक निधि से किया गया है. प्रधान जसपाल सिंह एवं महासचिव सुखविंदर सिंह ने बताया कि इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी नेता पवन अग्रवाल, भारतीय जनता युवा मोर्चा अध्यक्ष अमरजीत सिंह राजा को भी संगत की ओर से सम्मानित किया जाएगा.
कई संस्थाएं करेंगी संगत की सेवा
रामगढ़िया सभा, खालसा क्लब सहित विभिन्न सिख संस्थाएं कल नगर कीर्तन में शामिल बच्चों एवं संगत की सेवा बिस्कुट फल चाय कॉफी के साथ करेंगे. टाटा वर्कर्स यूनियन की ओर से भी स्टॉल लगाया जाएगा. सोनारी में गुरु रामदास जत्था की ओर से भी स्टाल लगाए जाने की जानकारी मिली है.
जागृति मंच पुष्प राहों में बिछाएगा
सिख संस्था सिख जागृति मंच श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पालकी के आगे पुष्प की वर्षा करते हुए चलेगा. प्रधान जसपाल सिंह एवं जसवंत सिंह ने बताया कि पिछले 25 सालों से कमेटी एवं संगत की ओर से सड़क की सफाई एवं पुष्प वर्षा की जाती रही है.








