जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर में इन दिनों अध्यात्म और आस्था की एक नई लहर देखने को मिल रही है. ‘अमृतवेला परिवार’ के तत्वावधान में आयोजित होने वाला रविवार का ‘अमृतवेला समागम’ अब संगत के लिए गहरी आस्था का केंद्र बन चुका है. इसी कड़ी में मानगो स्थित गुरुद्वारा साहिब में आयोजित विशेष समागम के दौरान श्रद्धा, समर्पण और पारिवारिक आस्था के अद्भुत दृश्य देखने को मिले.(नीचे भी पढ़े)

दो साल की मासूम ने मनाया जन्मदिन: समागम में उस वक्त सभी संगत निहाल हो उठी, जब एक दो साल की नन्हीं बच्ची अकाल कीरत कौर ने लगातार दूसरे साल अपना जन्मदिन बेहद अनोखे और धार्मिक तरीके से मनाया. बच्ची ने अमृत वेला परिवार की संगत के साथ मिलकर गुरुद्वारा साहिब मानगो में बड़ी ही खुशी और उत्साह के साथ गुरुबाणी शबद कीर्तन के साथ और ‘आसा की वार’ का गायन के बीच गुरु घर की खुशियां प्राप्त कीं.नन्हीं बच्ची और उसके परिवार की इस अनन्य श्रद्धा को देखकर समागम में उपस्थित संगत के बीच एक नई जागृति और अमृत वेला के प्रति विश्वास और सुदृढ़ हो गया है.(नीचे भी पढ़े)

बुजुर्ग दंपति ने पूरी की अंतिम इच्छा: इस समागम से जुड़ी एक और भावुक कर देने वाली खबर सामने आई. समाज के एक वरिष्ठ एवं बुजुर्ग दंपति सरदार महिन्दर सिंह और उनकी धर्मपत्नी जसविंदर कौर ने गुरु नानक देव जी के घर (गुरुद्वारा साहिब) में शुकराना करने की अपनी अंतिम इच्छा प्रकट की थी. अपनी इसी इच्छा के साथ वे अपने पूरे परिवार समेत इस समागम में शामिल हुए. उन्होंने गुरु साहिब जी का शुकराना (धन्यवाद) अदा किया और अरदास की. इस दौरान जमशेदपुर की सिख संगत ने भी बढ़-चढ़कर अमृत वेला समागम में हिस्सा लिया और अपनी उपस्थिति दर्ज कराई.(नीचे भी पढ़े)

दिसंबर तक के कार्यक्रमों की बुकिंग एडवांस में फुल:’अमृतवेला परिवार’ के सेवादारों ने बताया कि इस समागम का मुख्य उद्देश्य संगत को अमृत वेला, ‘आसा दी वार’ और पवित्र गुरुबाणी से जोड़ना है. इस मुहिम को जमशेदपुर की संगत का इतना जबरदस्त समर्थन मिल रहा है कि आने वाले महीनों ही नहीं, बल्कि 20 और 27 दिसंबर तक के कार्यक्रमों की एडवांस बुकिंग संगत द्वारा पहले से ही करा ली गई है.अमृतवेला परिवार ने इस अभूतपूर्व सहयोग, अगाध श्रद्धा और विशेष योगदान के लिए जमशेदपुर की समस्त संगत का कोटि-कोटि धन्यवाद और आभार व्यक्त किया है. आनेवाला अमृतवेला समागम अब रविवार को जेम्को गुरुद्वारा साहिब में आयोजित होगा. समागम को सफल बनाने में सभी गुरद्वारा कमिटियों का सहयोग प्राप्त हो रहा है.







