जमशेदपुर:श्री साई सेंटर जमशेदपुर में एक बार फिर आध्यात्मिक चेतना और श्रद्धा का अनुपम संगम देखने को मिलेगा. 20 जनवरीको सायं 6 बजे पूज्य डॉ चंद्रभानु सत्पथी गुरुजी का पावन आगमन श्री साई सेंटर में हो रहा है. इस अवसर को लेकर श्रद्धालुओं और साईं भक्तों में विशेष उत्साह और उल्लास का वातावरण है.इस महत्वपूर्ण आयोजन की जानकारी देने के उद्देश्य से श्री साई सेंटर परिसर में एक संवाददाता सम्मेलन का आयोजन किया गया. इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष एस के बेहरा, सचिव अमरेश सिन्हा सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे. संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए एसके बेहरा ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की तथा श्री साई सेंटर द्वारा नियमित रूप से किए जा रहे धार्मिक एवं सेवा कार्यों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि संस्था का उद्देश्य केवल पूजा पाठ तक सीमित न होकर समाज के हर वर्ग तक सेवा और साईं बाबा के संदेश को पहुंचाना है.(नीचे भी पढ़े)
उल्लेखनीय है कि श्री साई सेंटर की पावन प्राण प्रतिष्ठा 28 अक्टूबर 2012 को स्वयं पूज्य गुरुजी के कर कमलों द्वारा विधिवत रूप से संपन्न हुई थी. वर्षों बाद उनका पुनः आगमन साईं भक्तों के लिए एक दुर्लभ और आध्यात्मिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है.पूज्य गुरुजी का आगमन सायं 6 बजे होगा. इसके पश्चात 6 बजकर 15 मिनट पर विधिवत पूजा संपन्न कराई जाएगी. सायं 6 बजकर 45 मिनट पर भक्तिमय नृत्य प्रस्तुति होगी. वहीं 7 बजकर 10 मिनट से भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम का समापन 7 बजकर 45 मिनट पर भोग प्रसाद के साथ होगा.गुरुजी पूज्य डॉ चंद्रभानु सत्पथी गुरुजी शिरडी साईं बाबा के श्रद्धा और सबूरी के संदेश के प्रमुख संवाहक माने जाते हैं. उनकी शिक्षाएं पवित्रता आत्मसंयम विनम्रता और निःस्वार्थ सेवा जैसे मूल्यों को जीवन में उतारने की प्रेरणा देती हैं. सरल और व्यावहारिक शैली में दिया गया उनका मार्गदर्शन आत्मिक उन्नति के साथ साथ नैतिक और संतुलित जीवन की दिशा भी दिखाता है.
श्री साई सेंटर में प्रतिदिन पूजा और आरती सत्यनारायण कथा होली और राम नवमी का सामूहिक उत्सव अन्नदान कार्यक्रम तथा निःशुल्क चिकित्सा शिविर जैसी जनकल्याणकारी गतिविधियां नियमित रूप से संचालित की जाती हैं.



