जमशेदपुर : जमशेदपुर नगर क्षेत्र में दुर्गा पूजा के दौरान शांति, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शनिवार की संध्या वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ एहतेशाम वकारिब एवं नगर पुलिस अधीक्षक ललित मीना ने बाइक दस्ता के सदस्यों के साथ विभिन्न पूजा पंडालों के आसपास पेट्रोलिंग की. इस दौरान दोनों पुलिस अधिकारियों ने पूजा पंडालों के आसपास की यातायात व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था का जायजा लिया. पेट्रोलिंग के दौरान अधिकारियों ने पूजा पंडालों के आसपास श्रद्धालुओं की आवाजाही, यातायात के सुचारु संचालन तथा सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित विभिन्न पहलुओं का निरीक्षण किया. साथ ही, किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पुलिस की तैयारियों का भी जायजा लिया गया. (नीचे भी पढ़ें)

इस दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक नगर ने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने पूजा पंडालों के आसपास सतर्कता बरतने, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा विधि-व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए पुलिसकर्मियों को मुस्तैद रहने का निर्देश दिया। बाइक दस्ते के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने पर भी जोर दिया गया. जमशेदपुर पुलिस द्वारा पूजा के दौरान शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने तथा आम नागरिकों और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.





