जमशेदपुर : झारखंड में बंगला भाषा एवं सांस्कृतिक धरोहर को संजोने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय बंगीय उत्सव 2026 का भव्य आयोजन आगामी 1 फरवरी 2026 को बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में किया जाएगा. यह उत्सव सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगा. इसकी जानकारी बंगीय उत्सव समिति के अध्यक्ष एवं योग गुरु अंशु सरकार ने संवाददाता सम्मेलन में दी. उन्होंने बताया कि इस आयोजन में झारखंड के विभिन्न जिलों से कलाकार, साहित्यकार और संस्कृति प्रेमी बड़ी संख्या में भाग लेंगे. यह उत्सव बंगला भाषा, लोककला और सांस्कृतिक विरासत को एक सशक्त मंच प्रदान करेगा. कार्यक्रम में सरकार योग अकादमी की टीम द्वारा विशेष योग प्रदर्शन किया जाएगा. वहीं दास के पीठिका आश्रम एवं अखंड मंडली द्वारा आध्यात्मिक संगीत की प्रस्तुति होगी. नटराज संगीत विद्यालय चाईबासा के कलाकार पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत करेंगे. मानसी म्यूजिक डांस अकादमी घाटशिला की टीम संगीत व नृत्य की प्रस्तुति देगी. (नीचे भी पढ़ें)
जमशेदपुर के सोनी बोस, संदीप बोस, सुदीपना दास एवं उनकी टीम द्वारा राधा-कृष्ण संगीत आधारित नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा. वहीं बर्दवान, बीरभूम, हुगली, अंजन राय मुखर्जी एवं वैदोंजी राय चौधरी की टीम द्वारा मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां दी जाएंगी. प्रसिद्ध बांसुरी वादक अशोक दास और माउथ ऑर्गन वादक विकास कुमार शीट की जुगलबंदी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी. इसके अलावा रांची के सजल बनर्जी एवं उनकी टीम तथा पश्चिम बंगाल के मालदा से सुर संगम की टीम द्वारा बंगला लोक संगीत प्रस्तुत किया जाएगा. संध्या समय प्रसिद्ध लोक गायिका अपिता चक्रवर्ती अपनी मधुर आवाज से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगी. इस भव्य आयोजन में झारखंड के सभी जिलों से हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना है. यह उत्सव न केवल बंगाली समाज बल्कि झारखंड की समग्र सांस्कृतिक विरासत के लिए भी एक महत्वपूर्ण अवसर होगा. कार्यक्रम के दौरान झारखंड की 25 सहयोगी संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा. आयोजन में झारखंड सरकार के मंत्री दीपक बिरुआ, मुख्य संरक्षक सुप्रियो भट्टाचार्य सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे. (नीचे भी पढ़ें)
इस आयोजन की आधिकारिक घोषणा बिष्टुपुर स्थित मिलानी सभागार में की गयी, जहां बंगीय उत्सव समिति के चेयरमैन पार्थ सारथी चटर्जी, अध्यक्ष अंशु सरकार, कार्यकारी अध्यक्ष अपर्णा गुहा, पूर्वी घोष, मिथिलेश घोष, सुधाकर चटर्जी, अशोक दत्ता, प्रकाश मुखर्जी, नंदू सरकार, महासचिव उत्तम गुहा एवं कोषाध्यक्ष अमित माईति सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे. समिति ने आम जनता से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस सांस्कृतिक महोत्सव को सफल बनाएं.




