जमशेदपुर : जमशेदपुर में एक बार फिर चौकाने वाला मामला सामने आया है, जहां परसुडीह थाना क्षेत्र के सोपोडेरा कुर्मी टोला में सोमवार को 17 वर्षीय छात्र अंकित लोहार ने फांसी लगाकर अपनी लीला समाप्त कर ली. अंकित श्यामा प्रसाद स्कूल में कक्षा 9वीं का छात्र था. घटना के समय घर में केवल उसकी 7 वर्षीय छोटी बहन मौजूद थी, जबकि मां मोना लोहार सुबह काम पर गयी हुई थी. छोटी बहन ने देखा कि अंकित कमरे में फंदे से लटका हुआ है. उसने तुरंत शोर मचाया और पास-पड़ोस के लोगों तथा मां को फोन पर सूचना दी. आसपास रहने वाले रिश्तेदार और ग्रामीण मिलकर अंकित को तुरंत सदर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. कुछ देर बाद मां भी अस्पताल पहुंची, लेकिन बेटे की मौत की खबर पाकर वह बदहवास हो गयी. (नीचे भी पढ़ें)

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली. एसआई ज्ञान भूषण तिग्गा ने बताया कि पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है. घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है. अंकित के पिता का पहले ही निधन हो चुका है. परिवार में केवल मां, अंकित और उसकी छोटी बहन हैं. घटना से परिवार और पड़ोसियों में गहरा शोक है. बच्चे ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इस बात का पता अभी तक नहीं चल सका है. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है. गौरतलब है कि इससे पूर्व भी बागबेड़ा थाना क्षेत्र के सिद्धू कान्हू मैदान के पास स्थित आवासीय इलाके में 29 नवंबर 2025 को 13 वर्षीय छात्र नवनीत कुमार ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी. यह संकेत दे रहा कि समाज में किस तरह से बदलाव आ रहा है और यह चिंता का भी विषय है.















