जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोविन्दपुर थाना क्षेत्र में नरवा निवासी 25 वर्षीय शंकर सिंह ने अपने ससुराल में मंगलवार देर शाम फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. प्राप्त जानकारी के अनुसार, शंकर सिंह ने करीब तीन महीने पहले सुनाली सरदार से शादी की थी. बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया था, जिसके चलते वह अपने ससुराल पहुंचा था. घर में उस वक्त कोई मौजूद नहीं था, ( नीचे देखें पूरी खबर)
इसी बीच उसने रस्सी के सहारे फांसी लगा ली. जब परिजनों ने उसे फंदे से लटका देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है. बताया जाता है कि शंकर पेशे से चालक था. पुलिस परिजनों और पत्नी से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके.




