जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित धुनी रोड के पास मंगलवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां टाटा स्टील के एक वेंडर कर्मचारी गोरचंद महतो ने अपने ही क्वार्टर में आत्मदाह कर जीवन समाप्त कर लिया. इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और मजदूर वर्ग की आर्थिक सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोरचंद महतो लंबे समय से अपने भविष्य निधि (पीएफ) के भुगतान के लिए प्रयासरत थे, लेकिन बार-बार प्रयास के बावजूद उन्हें उनका हक नहीं मिल पा रहा था. आर्थिक तंगी लगातार बढ़ती जा रही थी, जिससे वे गहरे मानसिक तनाव में थे. इसी दबाव और निराशा के बीच उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठा लिया. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें पीएफ भुगतान में देरी और उससे उत्पन्न मानसिक पीड़ा का उल्लेख किया गया है. पुलिस ने इस नोट को जांच के लिए जब्त कर लिया है. इस हृदयविदारक घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है. स्थानीय लोगों और श्रमिक संगठनों ने वेंडर कंपनियों में काम करने वाले कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा और अधिकारों की अनदेखी पर चिंता जताई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सुसाइड नोट के आधार पर यह स्पष्ट किया जाएगा कि इस स्थिति के लिए कौन जिम्मेदार है. यदि किसी प्रकार की लापरवाही या दबाव की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.











