जमशेदपुर: जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना अंतर्गत नंदनगर ग्वाला बस्ती में गुरुवार देर शाम एक व्यक्ति द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है. इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतक की पहचान 47 वर्षीय मलकीत सिंह के रूप में की गई है. इस दुखद घटना के बाद से मृतक के परिवार और आसपास के पड़ोसियों में शोक का माहौल है. जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम को मलकीत सिंह अपने घर के एक कमरे में थे. काफी देर बीत जाने के बाद भी जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों को किसी अनहोनी का संदेह हुआ. इसके बाद जब घरवालों ने अंदर जाकर देखा, तो उनके होश उड़ गए. मलकीत सिंह का शव फंदे से लटका हुआ था. इसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई. आनन-फानन में परिजनों ने स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें फंदे से नीचे उतारा और तुरंत इलाज के लिए टीएमएच लाया गया. (नीचे भी पढ़े)
जहां पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाने की पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मामले के संबंध में परिजनों से जानकारी हासिल की. हालांकि, मलकीत सिंह ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसकी असली वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है. परिजन भी घटना के कारणों को लेकर फिलहाल कुछ भी स्पष्ट बता पाने की स्थिति में नहीं हैं. अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर अस्पताल के शव गृह में सुरक्षित रखवा दिया था. शुक्रवार को पुलिस की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है. सिदगोड़ा थाना पुलिस अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर हर संभावित पहलू से इस घटना की गहराई से जांच कर रही है.







