जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भुइयांडीह स्थित लकड़ी टाल मंसा मंदिर के पास रहने वाले रोहित साहू ने बीती शाम फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. परिजनों ने आनन-फानन में रोहित को फंदे से उतारकर इलाज के लिए (टीएमएच) पहुंचाया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब घर के अन्य सदस्य अपने-अपने काम में व्यस्त थे. इसी दौरान रोहित ने कमरे में फांसी लगा ली. काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर परिजनों को संदेह हुआ. दरवाजा खोलने पर रोहित को फंदे से लटका देख परिवार के लोगों के होश उड़ गए. इसके बाद तत्काल उसे नीचे उतारकर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की सूचना मिलने के बाद सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में मृतक की मां मारी देवी के बयान पर अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है. हालांकि, घटना के पीछे की स्पष्ट वजह फिलहाल सामने नहीं आ सकी है. रोहित की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.








