जमशेदपुर : जमशेदपुर में शिक्षकों को सर्वजन पेंशन योजना के तहत डोर टु डोर सर्वे कार्य में लगाये जाने का अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ की पूर्वी सिंहभूम जिला इकाई ने कड़ा विरोध किया है. ज्ञात हो कि जमशेदपुर अंचलाधिकारी द्वारा जारी पत्र में सभी बीएलओ शिक्षकों को सर्वजन पेंशन योजना के तहत 10:30 से 4:30 बजे तक डोर टु डोर सर्वे कर योग्य लाभुकों से निर्धारित फॉर्म प्राप्त करने का निर्देश दिया गया है. इस संबंध में संघ के जिला अध्यक्ष शिवशंकर पोलाई ने कहा कि शिक्षक संघ द्वारा पिछले लंबे समय से शिक्षकों को विभिन्न गैर शैक्षणिक कार्यों से मुक्त करने सहित बीएलओ के कार्य से मुक्त करने का अनुरोध किया जाता रहा है. शिक्षा सचिव द्वारा शिक्षकों को बीएलओ कार्य से मुक्त करने का आदेश भी जारी किया जा चुका है, जिस पर पूर्वी सिंहभूम जिले में कार्यवाही प्रक्रियाधीन है. उन्होंने कहा कि इस बीच सभी बीएलओ को डोर टु डोर सर्वे में लगाना कार्य में लगाने का निर्देश जारी किया जाना विभागीय नियमों के विरुद्ध है. (नीचे भी पढ़ें)
श्री पलाई ने बताया कि अंचलाधिकारी के निर्देश पत्र में विभागीय अधिकारियों – जिला शिक्षा अधीक्षक/ जिला शिक्षा पदाधिकारी को प्रतिलिपि भी नहीं दी गई है, जबकि शिक्षा सचिव के निर्देशानुसार विभागीय अनुमति के उपरांत ही शिक्षकों को अन्य कार्यों में लगाया जा सकता है. शिक्षकों को गैर शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर विभागीय अनुमति प्राप्त करने के उपरांत ही शिक्षकों को अन्य कार्यों में लगाने के संबंध में शिक्षा सचिव द्वारा विगत 7 दिसंबर में ही निर्देश जारी किये जा चुके हैं. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि यदि शिक्षकों को सर्वे के कार्य में लगाना ही था तो इसके लिए पहले विभाग से अनुमति प्राप्त करने के बाद ही विभागीय नियंत्री पदाधिकारी की ओर से इसके लिए निर्देशित किया जाना चाहिए था. इसके बावजूद जमशेदपुर अंचलाधिकारी द्वारा सीधे शिक्षकों को उक्त कार्य के लिए निर्देश जारी किया जाना विभागीय एवं सरकारी नियमों के विरुद्ध है. इसके आलोक में अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ की पुर्वी सिंहभूम जिला कमेटी ने शिक्षकों को सर्वे के कार्य में लगाये जाने का विरोध करते हुए शिक्षा सचिव को एक ज्ञापन सौंपा है.इसके साथ ही संघ ने जिला शिक्षा अधीक्षक एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी को भी अवगत कराया है.



