जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र के फार्म एरिया रोड नंबर–2 में दिनदहाड़े चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है. चोरों ने टाटा स्टील के कर्मचारी वेंकट राव के आवास का ताला तोड़कर नगदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया. यह वारदात 4 जनवरी की सुबह करीब 9.30 बजे से लेकर शाम 5.30 बजे के बीच अंजाम दी गई, जब पूरा परिवार घर में ताला लगाकर बाहर गया हुआ था. (नीचे भी पढ़ें)
प्राप्त जानकारी के अनुसार वेंकट राव टाटा स्टील में कार्यरत हैं और अपने परिवार के साथ फार्म एरिया रोड नंबर–2 में रहते हैं. 4 जनवरी की सुबह वे परिवार सहित किसी निजी काम से बाहर गए थे. शाम करीब साढ़े पांच बजे जब वे लौटे तो देखा कि घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है. आशंका होने पर जब वे घर के भीतर पहुंचे तो उनके होश उड़ गए. अलमारी, बेड और अन्य सामान अस्त-व्यस्त पड़े थे, जिससे साफ जाहिर हो रहा था कि चोरों ने इत्मीनान से घर खंगाला है. (नीचे भी पढ़ें)
जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि चोर नगदी के साथ-साथ घर में रखे जेवरात भी ले गए हैं. चोरी गए सामान की सटीक जानकारी परिवार द्वारा आकलन के बाद पुलिस को दी जा रही है. घटना की जानकारी होने के तुरत बाद वेंकट राव ने कदमा थाना को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे घर का मुआयना किया. कदमा पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि आसपास के घरों और सड़कों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग से चोरों का सुराग मिलने की उम्मीद है. फिलहाल इस मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. (नीचे भी पढ़ें)
दिनदहाड़े हुई चोरी की इस घटना से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है. स्थानीय निवासियों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. उधर मामले की तहकीकात में जुटी कदमा पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.















