रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : चक्रधरपुर प्रखंड अंतर्गत चंद्री पंचायत के स्टेट शारदा हाई स्कूल, बोड़दा-बाईड़ीम का वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. मुख्य अतिथि रोलाड़ीह हाई स्कूल के पूर्व प्राचार्य खिरोद चंद्र महतो ने विद्यालय के संस्थापक दीनबंधु महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर समारोह का उद्घाटन किया. इसके पश्चात छात्र-छात्राओं ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया. विद्यालय के निदेशक सह प्राचार्य भजनलाल महतो ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए स्कूल की शैक्षणिक उपलब्धियों एवं गतिविधियों की जानकारी दी. इसके बाद विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम की कड़ी में शिव भक्त परशुराम की जीवनी पर आधारित छऊ नृत्य, श्रुति एवं समूह द्वारा सेमी-क्लासिकल डांस, सिद्धू–कान्हू हुल की हुंकार, धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जीवनी पर छऊ नृत्य, सिमरन एवं समूह द्वारा फ्यूजन डांस, मनोज एवं समूह का नृत्य, सिस्टर निवेदिता की जीवनी पर नाटक, “नया रीति” पर आधारित नाटक, रश्मिता एवं समूह का नृत्य तथा कराटे की प्रस्तुतियां सराहनीय रहीं. समारोह में जैक बोर्ड परीक्षा, विद्यालय स्तर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं साइंस एग्जिबीशन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों ने प्रशस्ति पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया. (नीचे भी पढ़ें)

मुख्य अतिथि खिरोद चंद्र महतो ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा एक उद्देश्यपूर्ण प्रक्रिया है, जो ज्ञान, कौशल एवं चरित्र निर्माण में सहायक होती है. विवेकशील, विनम्र और दयालु बनने के लिए शिक्षा अनिवार्य है. शिक्षा हमारे भीतर ज्ञान का संचार करती है, जो जीवन की सबसे मूल्यवान संपत्ति है. इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में जगदीश चंद्र महतो, प्रो सीताराम महतो, जगमोहन महतो, राधा कृष्ण प्रधान, मनोज महतो, सत्यनारायण नायक, शशधर गण माझी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे. कार्यक्रम को सफल बनाने में विवेक कांत महतो, मनीष महतो, शेखर महतो, पाईकस बेग, अर्जुन महतो, महेंद्र महतो, विकास प्रधान, जे उषा, दीप्ति मोहंता, नमिता प्रधान समेत सारे शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा. मौके पर बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं अभिभावक भी उपस्थित रहे.







