जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के कृष्णा सन्स जेमस्टोन्स एंड डायमंड (ज्वेलरी दुकान) में ग्राहक बनकर पहुंचे दो शातिर लोगों ने दुकानदार को बातों में उलझाया और मौका मिलते ही करीब 6.5 लाख रुपये का सामान लेकर फरार हो गए. घटना शनिवार 12 सितंबर की है. दुकानदार के मुताबिक करीब 50 साल की उम्र के दो लोग दुकान पर पहुंचे थे. दोनों ने पहले सिल्वर कॉइन दिखाने के लिए बातचीत शुरू की. इसके बाद उन्होंने दान करने के लिए गोल्ड दिखाने की बात कही. दुकानदार ने जब उन्हें सामान दिखाना शुरू किया तो दोनों ने बातचीत के दौरान स्टॉक बॉक्स दिखाने को कहा. (नीचे भी पढ़ें)
दुकानदार के मुताबिक इसी दौरान दोनों ने उसे बातों में उलझाए रखा और मौका मिलते ही स्टॉक बॉक्स से करीब 6.5 लाख रुपये का सामान गायब कर दिया. इसके बाद दोनों ने 2 हजार रुपए एडवांस दिया और कहा कि उनके गुरुजी नीचे खड़े हैं और उनसे सलाह लेने के बाद वे वापस आकर बाकी सामान का हिसाब करेंगे. दुकानदार उनके लौटने का इंतजार करता रहा लेकिन करीब 15 से 20 मिनट बीत जाने के बाद भी दोनों वापस नहीं आए. इसके बाद जब दुकानदार ने स्टॉक बॉक्स चेक किया तो उसमें से सामान गायब मिला. घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की. फुटेज में दोनों संदिग्धों की गतिविधियां कैद हुई हैं. पुलिस ने सीसीटीवी में दिखाई दे रही स्कूटी के नंबर के आधार पर जांच शुरू की लेकिन जांच में स्कूटी का नंबर भी फर्जी निकला. फिलहाल अन्य पहलुओं पर जांच की जा रही है.







