जमशेदपुर : जमशेदपुर थोक वस्त्र विक्रेता संघ ने व्यापारी समुदाय एवं आम नागरिकों से भी प्रधानमंत्री के उस संदेश पर गंभीरता से एवं सकारात्मक रूप में विचार करने का आग्रह किया है, जिसमें उन्होंने वैश्विक एवं राष्ट्रीय स्तर पर आर्थिक परिस्थितियों के मद्देनजर देश वासियों से राष्ट्रहित में संयम, स्वदेशी भावना एवं आर्थिक मजबूती के लिए आवश्यक बातों का पालन करने की अपील की है. संघ के अध्यक्ष अनिल मोदी ने कहा कि आज देश जिन वैश्विक चुनौतियों एवं आर्थिक दबावों से गुजर रहा है, उसमें प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह देश की आर्थिक मजबूती एवं आत्मनिर्भरता के लिए सकारात्मक भूमिका निभाए. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा देशहित में किए गए आह्वान का पालन करना प्रत्येक देशवासी का नैतिक कर्तव्य है. यदि हम सभी स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा दें, अनावश्यक खर्चों से बचें तथा देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने वाले कदमों का समर्थन करें, तो भारत और अधिक सशक्त होकर उभरेगा. (नीचे भी पढ़ें)

संघ के सचिव अशोक सारस्वत ने कहा कि व्यापारी वर्ग हमेशा से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता आया है. उन्होंने व्यापारियों एवं आम नागरिकों से देशहित को सर्वोपरि रखते हुए प्रधानमंत्री का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं. जमशेदपुर थोक वस्त्र विक्रेता संघ ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे राष्ट्रहित में जागरूकता एवं जिम्मेदारी का परिचय देते हुए प्रधानमंत्री के संदेश का समर्थन करें तथा भारत को आर्थिक रूप से और अधिक मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाएं.







