
जमशेदपुर : झारखंड के हो समाज के सुप्रसिद्ध साहित्यकार, शिक्षाविद और हो भाषा के जनक कोल गुरु लोको बोदरा को पूरे मंगलवार को झारखंड और विशेषकर पूरे कोल्हान में बड़ी ही श्रद्धा के साथ याद किया गया. कोल गुरु लोको बोदरा की मंगलवार को 35वीं पुण्यतिथि मनाई गयी। इस अवसर पर जमशेदपुर स्थित पुराना सीतारामडेरा स्थित आदिवासी हो समाज के क्लब प्रांगण में श्रद्धा पूर्वक सांकेतिक रूप में कोल गुरु लोको बोदरा की आदमकद प्रतिमा पर श्रद्धापूर्वक माल्यार्पण कर उपस्थित लोगों ने श्रद्धा सुमन अर्पित किये. इस दौरान विशेष रूप से समाजसेवी व मुखी समाज के जिला के कार्यकारी अध्यक्ष शंभु मुखी डूंगरी और उरांव समाज के जिला अध्यक्ष राकेश उरांव ने संयुक्त रूप से सर्वप्रथम अनुष्ठान पूर्वक कोल गुरु लोको बोदरा की प्रतिमा के समक्ष नमन करते हुए माल्यार्पण किया. वहीं हो समाज, तुरी समाज, उरांव समाज, मुखी समाज, कालिंदी समाज, सुन्डी समाज, मुंडा समाज और भुईयां समाज के प्रतिनिधियों ने भी कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए बारी-बारी से श्रद्धांजलि अर्पित की. इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने कोल गुरु लोको बोदरा की आदर्शमयी, अनुकरणीय जीवनी पर प्रकाश डाला. कार्यक्रम की अध्यक्षता राजेश कांडियांग ने की, जबकि संचालन संगीता सामड और धन्यवाद ज्ञापन दुर्गा मनी ने किया.












