जमशेदपुर : बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में चापड़ के बल पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों में से एक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई नगद राशि, घटना में प्रयुक्त स्कूटी और दो चापड़ भी बरामद किए हैं. पुलिस के अनुसार, बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में रविवार, 5 जुलाई को घटित वारदात के मामले में वादी राजेश कुमार जायसवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि रात करीब 9:30 बजे वह बर्मामाइंस बाजार जा रहे थे. बाजार से पहले सुनसान स्थान पर लघुशंका के लिए रुके, तभी स्कूटी पर सवार दो अपराधी पहुंचे और चापड़ का भय दिखाकर उनका पर्स और मोबाइल फोन लूट लिया. पर्स में नगद 700 रुपये थे. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के बाद दोनों आरोपी तेज रफ्तार में स्कूटी से भागने लगे, लेकिन बर्मामाइंस बाजार के पास स्कूटी सहित गिर पड़े. इस दौरान घटना में प्रयुक्त दो चापड़, लूटा गया मोबाइल और स्कूटी वहीं छूट गए. दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए. उधर सूचना मिलते ही बर्मामाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्कूटी, मोबाइल तथा दोनों चापड़ को जब्त कर लिया. अनुसंधान के दौरान पुलिस ने एक आरोपी, गोलमुरी लोहार लाइन निवासी निहाल खत्री (पिता–अनुज खत्री) को गिरफ्तार कर लिया. वहीं एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया. गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर लूटे गए नगद 700 रुपये भी बरामद कर लिए गए. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि निरुद्ध नाबालिग के खिलाफ पहले से गोलमुरी थाना में वर्ष 2025 और 2026 में तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.







