जमशेदपुर : झारखंड तेलुगु ब्राह्मण संघम के सौजन्य से बिष्टुपुर स्थित आंध्र भक्त श्री राम मंदिरम् में शनिवार को त्यागराजा पंचरत्न कीर्तनुलु का भव्य आयोजन किया गया. इस आध्यात्मिक संगीतमय कार्यक्रम में शहर एवं इसके आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु भक्त शामिल हुए. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध संगीतज्ञ टी मंगतयारु, आर शैलजा, जय श्री, कुमारी गायत्री एवं डॉ श्रुति ने त्यागराजा द्वारा रचित पंचरत्न कीर्तनों का अत्यंत भावपूर्ण एवं शास्त्रीय पद्धति से गायन प्रस्तुत किया, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्ति, राग और आध्यात्मिक ऊर्जा से गुंजायमान हो उठा. (नीचे भी पढ़ें)

इन कीर्तनों के माध्यम से भगवान श्रीराम की भक्ति, कर्नाटक शास्त्रीय संगीत और संत त्यागराजा की महान परंपरा को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया. श्रोताओं ने भावविभोर होकर संगीतज्ञों के सुर और ताल का आनंद लिया. कार्यक्रम के अंत में मंदिर समिति एवं झारखंड तेलुगु ब्राह्मण संघम की ओर से सभी कलाकारों का सम्मान किया गया तथा आयोजन में सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया गया. इस सफल आयोजन ने जमशेदपुर में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक चेतना को और अधिक सशक्त किया. इस अवसर पर वाई दुर्गा प्रसाद शर्मा, जम्मी भास्कर, जी गोपाल कृष्णा, वाई के शर्मा, श्री एन राजेश कुमार, विजय लक्ष्मी, कविता, वाई रमा, के मणि, के श्रीनिवास राव, जेएसवी लक्ष्मी, एम वी लक्ष्मी बाई, जी मोहिनी, गंगा मोहन, वाई श्रीनिवास, महेश राव, रवि शेखर, नरसिंह राव, डी रामू, पी कुमार सहित सैकड़ों भक्तगण उपस्थित थे.















