जमशेदपुर : उलीडीह थाना क्षेत्र के मून सिटी में जादू-टोने का डर दिखाकर एक महिला से सोने के गहने ठगने का मामला सामने आया है. घटना के बाद पीड़िता का रो-रोकर बुरा हाल है. सूचना मिलने पर उलीडीह थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. (नीचे भी पढ़ें)

बताया जाता है कि युवराज एन्क्लेव निवासी महिला शाम के समय दूध लेने के लिए घर से बाहर गई थी. इसी दौरान दो युवक उसके पास पहुंचे और उसके परिवार पर जादू-टोना होने की बात कहकर उसे डराने लगे. दोनों युवकों ने कथित तौर पर महिला से कहा कि परिवार को किसी अनहोनी से बचाने के लिए वह अपने सोने के गहने दूध में डाल दे. (नीचे भी पढ़ें)
युवकों की बातों में आकर महिला ने अपनी सोने की चेन और बालियां दूध में डाल दीं. इसके बाद दोनों युवक दूध का केन लेकर वहां से फरार हो गए. कुछ देर बाद महिला को ठगी का एहसास हुआ, जिसके बाद उसने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी. सूचना पाकर पहुंची पुलिस दोनों युवकों की पहचान करने और मामले की पूरी जानकारी जुटाने में लगी है. फिलहाल ठगे गए गहनों की कीमत का पता नहीं चल सका है.







