जमशेदपुर : जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग की ओर से पीजी सेमेस्टर–4 की छात्राओं के लिए विगत 20 मार्च से 27 मार्च 2026 तक ओल्ड सिल्क रूट (पूर्वी सिक्किम) क्षेत्र में एक शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया. इस भ्रमण में कुल 52 छात्राएं सम्मिलित हुईं. इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान छात्राओं ने ऋषिखोला, अरितर लेक, अरितर बौद्ध मठ, नीमाचेन, क्यूकोला जलप्रपात तथा फदामचेन ईको नेचर पार्क जैसे स्थलों का भ्रमण किया. इसके अतिरिक्त छात्राओं ने जुलुक के प्रसिद्ध जिग-जैग मार्ग, थंबी व्यू प्वाइंट, गैनथांग वैली, ओल्ड बाबा मंदिर, टुकला वैली तथा कुपुप लेक जैसे उच्च हिमालयीय स्थलों का भी अध्ययन किया. (नीचे भी पढ़ें)

इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को हिमालयीय भौगोलिक संरचना, उच्च पर्वतीय पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन, पर्वतीय बसावट, सामरिक मार्ग एवं परिवहन तंत्र का व्यावहारिक ज्ञान प्रदान कराना था. छात्राओं ने क्षेत्रीय अध्ययन के माध्यम से ऊंचाई के अनुसार जलवायु एवं वनस्पति परिवर्तन, मानव अनुकूलन तथा पर्यावरणीय संवेदनशीलता को समझा. यह शैक्षणिक भ्रमण प्रीति एवं सोमनाथ हल्दार (सहायक प्राध्यापक) के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ. यह कार्यक्रम छात्राओं के फील्ड अध्ययन कौशल, अनुसंधान क्षमता एवं व्यावहारिक ज्ञान को विकसित करने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध हुआ. भूगोल विभाग द्वारा इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमणों के माध्यम से छात्राओं को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ वास्तविक भौगोलिक परिस्थितियों से जोड़ने का सतत प्रयास किया जाता रहा है.




