जमशेदपुर : जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज के नव नियुक्त प्रभारी प्राचार्य डॉ. राजीव कुमार एवं कोल्हान विश्वविद्यालय के सीनेट सदस्य (राज्यपाल नामित) के रूप में राज्यपाल से राजभवन रांची में शिष्टाचार भेंट की गयी. इस शिष्टाचार मुलाकात का मुख्य उद्देश्य राज्यपाल को कॉलेज की वर्तमान शैक्षणिक एवं भौतिक स्थिति से अवगत कराना था. इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. राजीव कुमार ने महाविद्यालय की आधारभूत संरचना, शैक्षणिक गतिविधियों तथा छात्रों के समग्र विकास से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की. (नीचे भी पढ़ें)
प्राचार्य द्वारा अवगत कराया गया कि महाविद्यालय के भवनों की स्थिति वर्तमान में अत्यंत जर्जर अवस्था में है, जिससे शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए आधारभूत सुविधाओं जैसे सुरक्षित भवन, आधुनिक कक्षाएं, सुसज्जित पुस्तकालय, प्रयोगशाला सुविधाएं तथा छात्र-हित से संबंधित अन्य संसाधनों का विकास अत्यंत आवश्यक है. (नीचे भी पढ़ें)
इसी संदर्भ में महाविद्यालय की वर्तमान स्थिति, आवश्यकताओं तथा प्रस्तावित विकास योजनाओं से संबंधित एक विस्तृत सूचना पुस्तिका प्राचार्य द्वारा राज्यपाल महोदय को भेंट की गई. इसके साथ ही प्राचार्य द्वारा राज्यपाल से महाविद्यालय परिसर के समीप स्थित खाली भू-भाग को महाविद्यालय के शैक्षणिक विस्तार एवं आधारभूत संरचना विकास हेतु महाविद्यालय को हस्तांतरित करवाने में सहयोग प्रदान करने का भी विनम्र आग्रह किया गया. इस अतिरिक्त भूमि के हस्तांतरण से नए शैक्षणिक भवन, छात्र सुविधाएं एवं भविष्य की विकास योजनाओं को गति मिल सकेगी. राज्यपाल ने महाविद्यालय की समस्याओं, आवश्यकताओं एवं प्रस्तावों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा यथासंभव सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. राजीव कुमार ने राज्यपाल को महाविद्यालय में आयोजित होने वाले आगामी शैक्षणिक एवं संस्थागत कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होने का विनम्र आग्रह किया. राज्यपाल महोदय ने इस आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए महाविद्यालय आने की सहमति प्रदान की, जो महाविद्यालय परिवार के लिए अत्यंत प्रेरणादायक एवं गौरवपूर्ण अवसर होगा. यह मुलाकात महाविद्यालय के समग्र विकास, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार तथा झारखंड के उच्च शिक्षा क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सकारात्मक कदम माना जा रहा है.





