जमशेदपुर/ रांची: झारखंड के रांची स्थित उषा मार्टिन विश्वविद्यालय में विश्व फिजियोथेरेपी दिवस के अवसर पर टाटा मोटर्स अस्पताल जमशेदपुर की फिजियोथेरेपिस्ट डॉ कंकना लाहिड़ी केश को फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में योगदान और छात्रों को क्लिनिकल प्रशिक्षण देने के लिए सम्मानित किया गया. सम्मान मिलने पर डॉक्टर कंकना ने इसे अपने लिए गौरव और खुशी का क्षण बताया. उन्होंने विश्वविद्यालय प्रबंधन, आयोजन समिति, फिजियोथेरेपी विभाग के संकाय सदस्यों और विभागाध्यक्ष डॉ. आकांक्षा आनंद सक्सेना के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से टाटा मोटर्स अस्पताल में विश्वविद्यालय के फिजियोथेरेपी विद्यार्थियों को क्लिनिकल प्रशिक्षण देना उनके लिए बेहद संतोषजनक अनुभव रहा है. (नीचे भी पढ़ें)

डॉक्टर कंकना ने बताया कि अस्पताल के ओपीडी और आईपीडी में मरीजों के उपचार की प्रक्रिया सीखने के प्रति विद्यार्थियों की जिज्ञासा, समर्पण और जुनून उन्हें लगातार प्रेरित करता है. उन्होंने कहा कि फिजियोथेरेपी केवल एक पेशा नहीं, बल्कि सीखने, सेवा करने और लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की निरंतर यात्रा है. उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में भी युवा फिजियोथेरेपिस्टों का मार्गदर्शन करने और फिजियोथेरेपी के क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित करेगा.




