जमशेदपुर : जमशेदपुर के नगर पुलिस अधीक्षक ने मंगलवार को क्षेत्र के सभी पुलिस उपाधीक्षकों, पुलिस निरीक्षकों एवं थाना प्रभारियों के साथ मासिक अपराध गोष्ठी की. बैठक में लंबित कांडों, वारंट एवं कुर्की के मामलों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया. साथ ही, पासपोर्ट सत्यापन की प्रगति की समीक्षा करते हुए इसे समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
अपराध गोष्ठी में फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी, अवैध हथियारों के तस्करों एवं ड्रग पेडलरों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई तेज करने, गुमशुदा व्यक्तियों की शीघ्र बरामदगी सुनिश्चित करने तथा सीसीटीएनएस, आइचीएसएसओ और आइसीजेएस जैसी ऑनलाइन पुलिस प्रणालियों के प्रभावी संचालन एवं उसकी अद्यतन स्थिति की भी समीक्षा की गई. नगर पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन और कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए.






