
रांचीः झारखंड राज्य में जिला और प्रखंड स्तरीय बीस सूत्री और निगरानी कमेटियों का गठन जल्द ही किया जाएगा. इसके लिए मंत्री आलमगीर आलम व रामेश्वर उरांव ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की एवं इस मुद्दे पर विस्तारपूर्वक विचार विमर्श किया. उन्होंने बताया कि कांग्रेस की ओर से इस संबंध में अनुशंसा के लिए कमेटी का गठन किया गया है. यह कमेटी अपनी रिपोर्ट सौंपगी. सीएम श्री सोरेन ने कहा कि झामुमो की ओर से वरीय नेताओं की कमेटी गठित कर इस संबंध में अनुशंसा की जाएगी. विदित हो कि प्रदेश कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह बोर्ड व निगरानी समितियों के गठन को लेकर पहले भी विचार विमर्श कर चुके है. उन्होंने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव, विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर व केशव महतो कमेटी की एक कमेटी अनुशंसा के लिए गठित की थी. कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि बीस सूत्री और निगरानी समितियों में निष्ठावान कार्यकर्ताओं को जगह दी जाएगी. इनकी बदौलत राज्य में महागठबंधन की सरकार है. इन कमेटियों का गठन होने से राज्य सरकार की योजनाओं की मानिटरिंग हो पाएगी, जिससे विकास की गति और तेज होगी.
आपसी संतुलन बनाने का रखा जाएगा ख्याल
बीस सूत्री और निगरानी कमेटियों के गठन में सहयोगी दलों के बीच आपसी संतुलन का ध्यान रखा जाएगा. जिस जिले में बीस सूत्री का प्रभारी मंत्री जिसे पार्टी का होगा, वहां पर सहयोगी दल के पदाधिकारी व कार्यकर्ता कमेटी में रहेंगे. राज्य सरकार के सभी मंत्रियों को जिलों की अलग अलग जिम्मेदारी पहले ही दी जा चुकी है. इसी प्रकार सहयोगी दलों के बीच विधानसभा क्षेत्रों में आपसी तालमेल स्थापित कर विकास कार्यों को गति दी जाएगी. मुख्यमंत्री ने आश्वसत किया कि आपसी सहमति से जल्द ही बीस सूत्री व निगरानी कमेटियों की घोषणा की जाएगी.












