रांची: रिम्स के लिए अधिग्रहित बेशकीमती जमीन की अवैध खरीद-बिक्री और सरकारी अभिलेखों में हेरफेर के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की कार्रवाई तेज हो गयी है. गुरुवार को जांच एजेंसी ने एक और कार्रवाई करते हुए बेरमो के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) मनोज कुमार को गिरफ्तार कर लिया. मनोज कुमार पूर्व में रांची के बड़गाईं अंचल में अंचलाधिकारी (सीओ) के पद पर तैनात रह चुके हैं. उनके कार्यकाल के दौरान जमीन से जुड़े दस्तावेजी लेनदेन में संदिग्ध भूमिका सामने आने के बाद एसीबी की टीम ने यह गिरफ्तारी की है.इससे पहले 17 नवंबर की रात एसीबी ने इसी मामले में एक आईएएस अधिकारी सहित छह पदाधिकारियों को गिरफ्तार किया था. (नीचे भी पढे)
इनमें रांची सदर के तत्कालीन भूमि सुधार उप समाहर्ता (एलआरडीसी) मनोज कुमार रंजन, तत्कालीन जिला अवर निबंधक अविनाश कुमार, वैभव मणि त्रिपाठी और राहुल कुमार चौबे के अलावा बड़गाईं के तत्कालीन सीओ शैलेश कुमार तथा शहर अंचल के तत्कालीन सीओ राजेश कुमार शामिल थे.जांच के दौरान इन सभी अधिकारियों पर सरकारी रिकॉर्ड से छेड़छाड़ करने और जमीन के अवैध हस्तांतरण को वैधता प्रदान करने के गंभीर आरोप लगे हैं. बेरमो एसडीओ की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में गिरफ्तार अधिकारियों की संख्या बढ़कर सात हो गयी है.उल्लेखनीय है कि झारखंड हाइकोर्ट के निर्देश पर एसीबी ने पांच जनवरी 2026 को इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी. जांच आगे बढ़ने के साथ राजस्व और निबंधन विभाग के कई तत्कालीन अधिकारियों की भूमिका संदेह के घेरे में आती गयी.अब एजेंसी गिरफ्तार अधिकारियों से गहन पूछताछ कर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है. माना जा रहा है कि पूछताछ के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आने वाले दिनों में अन्य लोगों और विभागीय कर्मियों से भी पूछताछ हो सकती है.












