रांची / जमशेदपुर : झारखंड के रिम्स जमीन घोटाले में गिरफ्तार रांची सदर के तत्कालीन एलआरडीसी मनोज कुमार रंजन के ठिकानों पर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने कार्रवाई तेज कर दी है. इसी कड़ी में शुक्रवार सुबह एसीबी की टीम ने जमशेदपुर के मानगो सन सिटी में पूर्व अभियंता मनोज कुमार रंजन के आवास पहुंची और छापेमारी कर रही है. सुबह करीब छह बजे पहुंची टीम घर के भीतर जमीन से जुड़े दस्तावेजों और अन्य कागजातों की जांच में जुटी रही. छापेमारी के दौरान किन दस्तावेजों या अन्य सामग्रियों की बरामदगी हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आयी है. (नीचे भी पढ़ें)

गौरतलब है कि रांची के रिम्स की जमीन का घोटाला मामले में मंगलवार की रात गिरफ्तार तत्कालीन एलआरडीसी मनोज कुमार रंजन सहित सभी छह अधिकारियों को बुधवार को रांची स्थित एसीबी की विशेष अदालत में पेश किया गया. कोर्ट के आदेश पर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सभी गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में भेज दिया है. जेल जाने वालों में रांची सदर के तत्कालीन एलआरडीसी मनोज कुमार रंजन, रांची के तत्कालीन सब रजिस्ट्रार अविनाश कुमार, वैभव मणि त्रिपाठी व राहुल कुमार चौबे, रांची के बड़गाईं अंचल के तत्कालीन अंचलाधिकारी शैलेश कुमार व तत्कालीन शहर अंचलाधिकारी राजेश कुमार शामिल हैं. गिरफ्तार तत्कालीन एलआरडीसी मनोज कुमार रंजन आईएएस में प्रोन्नत थे और वर्तमान में शिक्षा विभाग में निदेशक के पद पर पदस्थापित थे. वे झारखंड एसीबी के हाथों गिरफ्तार होने वाले तीसरे आइएएस अधिकारी हैं. (नीचे भी पढ़ें)
9.65 एकड़ अधिग्रहित जमीन की अवैध खरीद-बिक्री का मामला : रिम्स जमीन घोटाला रांची में संस्थान के लिए अधिग्रहित कुल 9.65 एकड़ जमीन की कथित अवैध खरीद-बिक्री और सरकारी अभिलेखों में हेरफेर से जुड़ा है. इसमें मोरहाबादी मौजा की आठ एकड़ और कोकर मौजा की 1.65 एकड़ जमीन शामिल है. आरोप है कि फर्जी दस्तावेज और वंशावली तैयार कर अधिग्रहित जमीन पर निजी दावेदारी की गयी तथा सरकारी रिकॉर्ड में हेरफेर कर उसकी खरीद-बिक्री की गयी.












