रांची : आजसू छात्र संघ के प्रदेश सचिव प्रशांत महतो ने अपने नेपाल प्रवास के दौरान नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह से शिष्टाचार मुलाकात की. मुलाकात में दोनों नेताओं के बीच छात्र हित, शिक्षा व्यवस्था में सुधार, युवा नेतृत्व और सामाजिक विकास जैसे अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई. प्रशांत महतो ने झारखंड के छात्रों की समस्याओं का जिक्र करते हुए उच्च शिक्षा, छात्रवृत्ति, रोजगारोन्मुख शिक्षा और विश्वविद्यालयों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की जरूरत पर जोर दिया. उन्होंने कहा, “छात्रों को सिर्फ किताबी ज्ञान नहीं, बल्कि कौशल विकास के बेहतर अवसर मिलने चाहिएं, ताकि वे बदलते वैश्विक माहौल में अपनी प्रतिभा निखार सकें.” (नीचे भी पढ़ें)
प्रधानमंत्री बालेन शाह ने युवा सशक्तीकरण, शिक्षा सुधार और युवाओं को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने की आवश्यकता पर सहमति जताई. दोनों नेताओं ने भारत-नेपाल के युवाओं के बीच शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सामाजिक आदान-प्रदान बढ़ाने पर भी चर्चा की. मुलाकात के अंत में प्रशांत महतो ने प्रधानमंत्री बालेन शाह का आभार व्यक्त किया. उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बैठक से छात्र-युवा हितों से जुड़े मुद्दों पर दोनों देशों के बीच सकारात्मक सहयोग और नई पहल होगी.







