
रांची: झारखंड विधानसभा परिसर में स्पीकर रविंद्रनाथ महतो ने शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो को नम आंखों से विदाई दी.उस समय उनकी आंखें भर आयी. उन्होंने कहा कि जगरनाथ महतो एक जनप्रिय नेता थे. उनका इस तरह चले जाना काफी पीड़ादायक है. कहा कि झारखंड अलग राज्य के आंदोलन के समय से ही जगरनाथ महतो के साथ उनके आत्मीय संबंध रहे थे. राज्य के विकास को लेकर वे हमेशा चिंतित रहते थे. विपक्ष में रहते हुए उन्होंने ऐसे मामले सदन में उठाए थे जो सीधे तौर पर झारखंड के जनमानस से जुड़ा हुआ था. पारा शिक्षकों को कैसे सम्मान मिले इसको लेकर उन्होंने आंदोलन किया था.(नीचे भी पढ़े)

जब सरकार में आए और उन्हें राज्य के शिक्षा मंत्री का दायित्व मिला तो उन्होंने सबसे पहले पारा शिक्षकों के समाधान का मार्ग प्रशस्त किया. राज्य के युवाओं को कैसे रोजगार मिले इस पर भी इनकी गहरी चिंता थी. अब वे हमारे बीच नहीं रहे लेकिन उनके दिखाए मार्ग पर चलकर झारखंड का विकास कर सकते है. अपने क्षेत्र में टाइगर नाम से प्रसिद्ध जगरनाथ दा सचमुच अंतिम समय तक टाइगर की तरह जिये. इसी तरह कांग्रेस विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने श्रद्धाजंलि देते हुए कहा कि जगरनाथ दा का जीवन दलितों शोषितों पीड़ितों के उत्थान को समर्पित था.(नीचे भी पढ़े)


वे एक जनप्रिय नेता थे जिनके पास दलगत भावना से उपर उठकर लोग अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचते थे. उनका व्यक्तित्व ऐसा था कि वे कभी यह नहीं देखेत थे कि उनके सामने आया व्यक्ति किस दल और किस विचार धारा का है. सबकी सुनते थे और उसका तत्काल निदान करते थे. वर्तमान सरकार में उन्हें शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विभाग का दायित्व मिला. इतना ही नहीं राज्य के स्कूलों में शिक्षकों की कमी को दूर करने की दिशा में भी वह तेजी से काम कर रहे थे. 50 हजार शिक्षकों की नियुक्ति की संचिका उन्होंने की तैयार कर ली थी. कहा कि जब भी अपने क्षेत्र की समस्या को लेकर उनके पास जाते थे तो तत्काल वह अधिकारियों को बुलाकर समाधान निकालते थे.(नीचे भी पढ़े)

शिक्षा मंत्री का निधन झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति- अन्नपूर्णा देवी
केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री एवं कोडरमा की सांसद अन्नपूर्णा देवी ने झारखंड सरकार के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है. विधानसभा में उन्होंने जगरनाथ महतो को श्रद्धांजलि अर्पित की. शोक संदेश में उन्होंने कहा, जगरनाथ जी का असमय जाना अत्यंत पीड़ादायक और झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है.अन्नपूर्णा देवी ने कहा, जगरनाथ जी के साथ झारखंड विधानसभा के सदस्य के तौर पर लम्बे अरसे तक साथ काम करने का अवसर मिला था. जनहित के कई मुद्दों पर हमने साथ-साथ संघर्ष किया था. हाल के दिनों में राज्य के शैक्षणिक विकास के लिए उनके साथ कई बार लंबी चर्चा हुई विचार- विमर्श हुआ. झारखंड में शिक्षा व्यवस्था कैसे बेहतर हो, कैसे स्कूलों में बच्चों की संख्या बढ़े, केंद्रीय विद्यालय को लेकर भी हमारे बीच रणनीति बन रही थी. स्कूल में बच्चे ज्यादा से ज्यादा आ सकें, इस पर भी उन्होंने अपनी चिंता साझा की थी। हम साथ मिलकर बेहतर काम कर रहे थे और कई योजनाओं पर अभी काम बचा था. उन्हें याद करते हुए सांसद अन्नपूर्णा देवी ने कहा, राज्य की शिक्षा व्यवस्था पर चिंता जाहिर करते हुए कई बार उन्होंने अपनी बात रखी थी. हमने साथ मिलकर काम करने की योजना बनाई थी और मैंने उनके पक्ष को ध्यान से सुना था.अब वो हमारे बीच नहीं है लेकिन उनके सपने, शिक्षा को लेकर उनका रास्ता और कई समस्याओं का हल उन्होंने दिया है. हम उनके उद्देश्य उनके सपने का पूरा करने की पूरी कोशिश करेंगे. झारखंड में बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए सरकार प्रयास कर रही है.












