
गढवा: झारखंड के गढ़वा जिले में बड़ा हादसा हो गया है. तालाब में डूबने से चार लड़कियों की मौत हो गई. घटना शुक्रवार को गढ़वा थाना अंतर्गत के हरैया गांव स्थित नदी के पास घटी है. मृतकों में हरैया निवासी चंदन सिंह की 10 वर्षीय पुत्री लाडो सिंह, जीतेंद्र सिंह की 22 वर्षीय पुत्री अंकिता सिंह, पलामू के पांकी थाना क्षेत्र के पगार निवासी विशिष्ट सिंह की 18 वर्षीय पुत्री रोमा सिंह और लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के पूर्णाडीह निवासी अभिषेक सिंह की 15 वर्षीय पुत्री मीठी सिंह शामिल हैं.(नीचे भी पढ़े)

घटना के तुरंत बाद परिजनों ने सभी को इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया. घटना के संबंध में बताया जा रहा सभी लड़कियां तालाब में नहाने गई थी. इसी दौरान गहरे पानी में एक-एक कर चारों लड़कियां डूबने लगीं. जबतक परिजनों को इसकी सूचना मिली, तब तक देर हो चुकी थी. घटना की सूचना मिलते ही गढ़वा विधायक सतेंद्रनाथ तिवारी, पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर, गढ़वा एसडीओ संजय कुमार और थाना प्रभारी बृज कुमार सदर अस्पताल पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली. हादसे के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. गांव में शोक की लहर है.



