
जमशेदपुर : झारखंड के लोकायुक्त डीएन उपाध्याय (ध्रुव नारायण उपाध्याय) का दिल्ली के एम्स अस्पताल में मंगलवार को निधन हो गया. सुबह ही यह मनहूस खबर आयी. उन्होंने दिल्ली के एम्स में मंगलवार की अहले सुबह 3 बजे ही दम तोड़ दिया. वे कोरोना से संक्रमित हो गये थे. 15 मई को ही वे कोरोना पोजिटिव हुए थे. उसके बाद 18 मई को उनको रांची के बरियातू स्थित रामप्यारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. वहां से उनको मेडिका अस्पताल में भर्ती कराया गया. स्थिति गंभीर होने के बाद उनको दिल्ली के एम्स अस्पताल में 11 जून को भर्ती कराने ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया. वे 67 साल के थे. वे फरवरी 2022 में झारखंड के लोकायुक्त के पद से रिटायर होने वाले थे. उनके निधन से न्यायिक जगत में शोक का माहौल है. वे जमशेदपुर के साकची स्थित शितला मंदिर के बगल में राजेंद्र नगर में ही रहते थे. उनकी शिक्षा जमशेदपुर के आरडी टाटा स्कूल में हुई. वे को-ऑपरेटिव कॉलेज से लॉ की डिग्री हासिल की, जिसके बाद वे 3 जनवरी 1979 से वकालत शुरू की. 1992 से 1996 तक वे जमशेदपुर जिला बार एसोसिएशन के महासचिव के पद पर रहे. वे जमशेदपुर में ही जन्मे और उनका दिल जमशेदपुर में ही बसता था. इमरजेंसी काल में वे भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के साथ ही थे. वे लॉ विभाग में शिक्षक की भूमिका में भी थे. वे काफी दिनों तक बिहार सुपीरियर न्यायिक सेवा के तहत 1997 में गिरीडीह के एडिशनल जिला जज बनाये गये. इसके बाद साहेबगंज, गिरीडीह, धनबाद जैसे जिले के जिला जज थे. ज्यूडिशियल एकेडमी झारखंड के निदेशक रहे, झारखंड बिजली बोर्ड के सीनियर लॉ एडवाइजर के बाद वे 27 अप्रैल 2011 को झारखंड हाईकोर्ट के एडिशनल जज बनाये गये थे. 31 जनरी 2013 को वे झारखंड हाईकोर्ट के जस्टिस के रुप में कार्यभार संभाला, जिसके बाद 9 फरवरी 2016 को उनको झारखंड का लोकायुक्त नियुक्त किया गया. 13 फरवरी 2017 से वे अब तक लोकायुक्त थे. उनके निधन से न्यायिक जगत में शोक का माहौल है. उनके निधन पर राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास समेत कई लोगों ने शोक जताया है.












