रांची : झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी बड़ा बदलाव करने की तैयारी कर रहे है. अभी वर्तमान कमेटी की घोषणा श्री मरांडी ने कर दी है. अब लगभग सारे जिलो के अध्यक्ष को हटाया जा सकता है. कई जिलों के अध्यक्ष को बदला जायेगा जबकि नये सिरे से अध्यक्ष की नियुक्ति भी होगी. इसको लेकर कई नामों पर विचार किया जा रहा है. दूसरी ओर, भाजपा में नये लोगों की इंट्री भी होने वाली है. इसको लेकर गठित एक कमेटी सारे विकल्पों पर विचार कर रही है. कोल्हान में सबसे ज्यादा ज्वाइनिंग की बातें हो रही थी. इसमें सिंहभूम संसदीय सीट से कांग्रेस सांसद गीता कोड़ा की इंट्री की बात थी. लेकिन गीता कोड़ा ने इसका विरोध कर दिया. गीता कोड़ा ने अपने पति मधु कोड़ा को भी भाजपा में लेने की गुजारिश की थी, लेकिन भाजपा ने इनकार कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद से यह वार्ता टूट गयी है. सूत्र बताते है कि गीता कोड़ा ने सिंहभूम सीट के चार विधानसभा सीट पर उनकी मर्जी के प्रत्याशियों को टिकट देने की भी मांग की थी, जिसको नकार दिया गया, जिसके बाद यह तय है कि गीता कोड़ा अभी कांग्रेस में ही रहेंगी. वहीं, भाजपा छोड़कर भाजमो बनाने वाले विधायक सरयू राय, अमरप्रीत सिंह काले समेत रघुवर विरोधी नेताओं की भी पार्ट में इंट्री की तैयारी है. इसको लेकर पांच सदस्यीय कमेटी ने अपनी रिपोर्ट दे दी है, जिसमें सभी को इंट्री की हरी झंडी दी गयी है. लेकिन यह इंट्री कब तक होगी, इसको लेकर चर्चा तेज है. वैसे विधायक सरयू राय ने खुद के इंट्री की बात से इनकार किया है. सूत्र बताते है कि पार्टी में इंट्री के पहले सरयू राय ने कुछ शर्त रखी है, जिसको लेकर भाजपा भी पशोपेश में है. इसके अलावा राज्य भर में भाजपा को छोड़कर गये लोगों को फिर से जोड़ने की कोशिशें तेज की गयी है.




