अनिल कुमार/बोकारो : बोकारो जिले के चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के अलारगो पंचायत स्थित शिव मंदिर तालाब में शनिवार को नहाने के दौरान डूबने से जरीडीह थाना क्षेत्र के जैना बांधडीह बस्ती निवासी बीएसएल कर्मी बाबू चंद मांझी की मौत हो गई. घटना की खबर मिलते ही दिवंगत शिक्षा मंत्री के पुत्र अखिलेश महतो उर्फ राजू महतो ने चंद्रपुरा पुलिस को घटना की सूचना दी. (नीचे भी पढें)
उधर सूचना पाकर घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने जांचोपरांत शव को पोस्टमॉर्टम के लिए चास भेज दिया. घटना को लेकर राजू महतो ने कहा कि बाबूचन्द मांझी अपने रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने गया था. सुबह में वे लोग नहाने के लिए तालाब आये थे, जिसके दौरान गहरे पानी में चले जाने से वह डूब गया. वहीं मृतक के साथ नहाने गए पेरू सोरेन ने कहा कि वे लोग शादी के घर से साथ में ही नहाने आये थे. वह पैंट-शर्ट उतारकर तालाब में नहाने चला गया और तैरकर बीच तालाब में चला गया. (नीचे भी पढें)
उसने बताया कि उन लोगों को तैरना नहीं आता. बाबू चंद को डूबते देख उन लोगों ने मदद के लिए शोर मचाया जिसे सुन कर गांव के कई लोग वहां पहुंच गये जिन्होंने काफी मशक्कत कर उसे बीच तालाब से उठाकर लाये. लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. घटना के संबंध में पुलिस ने कहा कि मामले की जांच चल रही है, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के कारणों का पता चल पाएगा.



