
जमशेदपुर : कांग्रेस कार्यसमिति के स्थायी आमंत्रित सदस्य और जमशेदपुर के पूर्व सांसद, आईपीएस डॉ अजय कुमार ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) स्नातक के स्तरीय पदों पर नियुक्ति के लिए आयु सीमा एक अगस्त 2015 करने का अनुरोध किया है। डॉ अजय कुमार ने पत्र में कहा है कि इस प्रतियोगिता परीक्षा के लिए सबसे पहली बार पिछली सरकार ने विज्ञापन निकला था। उसमें अधिकतम आयु सीमा का कट आफ डेट एक अगस्त 2010 तथा एक अगस्त 2015 रखा गया था। अब झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा जारी नए विज्ञापन में अधिकतम आयु सीमा का कट आफ डेट सभी पदों के लिए एक अगस्त 2021 रखा गया है। इससे अधिकतम आयु सीमा से अधिक आयु वाले अभ्यर्थी इस बार आवेदन भरने से वंचित हो रहे हैं। इस महामारी के कारण, हमारे परीक्षार्थियों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ा है और ऐसी स्थिति में कट ऑफ तिथि को 2021 में बदलने से हमारे राज्य के परीक्षार्थियों पर भारी प्रभाव पड़ेगा।












