
रांची/सरायकेला/जमशेदपुर : झारखंड में कोरोना वायरस को रोकने के लिए चलाये गये अभियान का सकारात्मक रिजल्ट भी सामने आ रहा है. पिछले दो दिनों से दो-दो केस ही सामने आ रहे थे जबकि पहले 15 से 20 तक एक दिन में केस सामने आ रहे थे. अचानक से पोजिटिव केस की संख्या घट गयी है. गुरुवार की शाम साढ़े पांच बजे राज्य के स्वास्थ्य विभाग के सचिव डॉ नीतिन मदन कुलकर्णी ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि कुल 107 केस सामने आया है. लेकिन इसको नियंत्रित करने के लिए हर संभव प्रयास हो रहा है. स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि रांची जिला रेड जोन में है और बोकारो को भी रेड जोन में रखा गया है. नौ जिले ओरेंज जोन में है. राज्य में पर्याप्त मात्रा में बेड और मास्क समेत तमाम उपकरण है. राज्य में करीब 7 हजार 726 बेड कोरोना वायरस के लिए रखे गये है. उन्होंने यह भी बताया कि राज्य के अन्य तीन मेडिकल कॉलेजों में भी जांच की व्यवस्था की जायेगी. कोरोना वायरस के कारण कई सारे स्वास्थ्य केंद्रों में सामान्य टेस्टिंग या लोगों का इलाज नहीं हो पा रहा है. ऐसे में राज्य सरकार एक से दो दिनों में गाइडलाइन जारी करेगी कि वे लोग तत्काल अस्पताल और नर्सिंग होम का सामान्य तरीके से संचालन शुरू करें ताकि लोगों का सामान्य इलाज हो सके. उन्होंने बताया कि किस तरह सुरक्षात्मक उपाय करना है, यह गाइडलाइन सारे अस्पतालों और नर्सिंग होम को दिया जा चुका है. जहां तक कोरोना वायरस के टेस्टिंग की बात है तो 4500 रुपये देकर जिसके पास भी आइसीएमआर की मान्यता है, वहां जाकर लोग टेस्ट आराम से करा सकते है. दूसरी ओर, कमान संभालते ही सरायकेला-खरसावां एसपी मोहम्मद अर्शी पहले दिन से ही एक्शन में नजर आए. जहां उन्होंने साफ कर दिया है, कि कोरोनावायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने को लेकर जो भी जरूरी एहतियात होगी उसमें कोई कोताही नहीं बरती जाएगी. वहीं बाहरी मजदूरों को जिले में लाने और यहां के मजदूरों को जिले से बाहर भेजने के मामले में एसपी ने साफ कर दिया है, कि इस मामले में प्रशासन जो भी सहयोग चाहेगी उसे पूरा किया जाएगा. वहीं एसपी मोहम्मद अर्शी ने सोशल मीडिया पर विशेष निगाह रखे जाने की बात कही. उन्होंने कहा है कि सोशल मीडिया के माध्यम से कोविड-19 को लेकर जरूरी और महत्वपूर्ण जानकारियां अगर कोई देना चाहते हैं तो उनका हम स्वागत करते हैं. लेकिन सोशल मीडिया के माध्यम से अगर सामाजिक सौहार्द्र बिगाड़ने का काम करते पकड़े जाएंगे तो उनके खिलाफ जिला पुलिस सख्त एक्शन लेगी. वहीं उन्होंने कोविड-19 से लड़ने को लेकर विशेष रणनीति बताई. उन्होंने बताया कि सभी थानों के गणमान्य लोगों के साथ जिला पुलिस मुख्यालय सीधा संवाद करेगा, और हर दिन मोहल्ले की स्थिति का जायजा लेगा. आपको बता कि कल रात ही मोहम्मद अर्शी ने नए पुलिस कप्तान के रूप में पदभार ग्रहण किया है. इधर पदभार ग्रहण करते ही एसपी एक्शन में नजर आने लगे.















