रांची/ जमशेदपुर : बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के कारण पूर्वी सिंहभूम समेत पूरे झारखंड में गुरुवार सुबह से झमाझम बारिश हो रही है. वही दूसरी ओर यह चक्रवात कमजोर होकर डीप डिप्रेशन में बदल गया है. हालांकि इसके कमजोर पड़ने के बावजूद देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की ओर से जारी बुलेटिन के मुताबिक गुरुवार सुबह उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. (नीचे भी पढ़ें)

जमशेदपुर में झमाझम बारिश से जलजमाव: जमशेदपुर में गुरुवार सुबह से झमाझम बारिश हो रही है, जिससे जगह-जगह जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है. 30 अक्टूबर को कोल्हान समेत पूरे झारखंड में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश और वज्रपात होने की संभावना है. इस दौरान रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, पलामू, गढ़वा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, साहिबगंज, गोड्डा, देवघर, गिरिडीह, कोडरमा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम और सरायकेला खरसावां जिले में बारिश का येलो अलर्ट है. 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. (नीचे भी पढ़ें)
पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक बारिश पूर्वी सिंहभूम जिले में: मौसम विभाग के द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार सबसे अधिक बारिश पूर्वी सिंहभूम जिले के गुड़ाबांदा में 71.4 मिमी बारिश हुई है. वहीं पश्चिम सिंहभूम के मंझार में 64.0 मिमी बारिश रिकार्ड की गई है. जमशेदपुर में 39.2 मिमी बारिश हुई है. (नीचे भी पढ़ें)
कब से साफ होगा मौसम: मौसम विभाग ने बताया कि इस बीच बंगाल की खाड़ी में एक और सिस्टम का निर्माण हो रहा है, जिससे 30 अक्तूबर को राज्य के लगभग सभी जिलों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश और वज्रपात को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है. 31 अक्तूबर को आकाश में बादल छाये रहेंगे व राज्य में कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है. एक नवंबर से अर्नब का असर कमजोर पड़ने के कारण धीरे-धीरे बादल छंटने की संभावना है. जबकि पूरी तरह से मौसम के तीन नवंबर से ही साफ होने की उम्मीद है.












