देवघर : देवघर के उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा द्वारा जानकारी दी गई है कि देवतुल्य श्रद्धालुओं के सुलभ व सुरक्षित जर्लापण कराने के उद्देश्य से राजकीय श्रावणी मेला के अवसर पर राज्य सरकार के निर्देशानुसार वीआइपी, वीवीआइपी एवं आउट ऑफ टर्न दर्शन पर, पूर्व की तरह, पूर्णतः रोक लगाई गई है, ताकि देवतुल्य श्रद्धालुओं को सुगमतापूर्वक जर्लापण कराया जा सके. ज्ञात हो कि यह निर्देश, श्रद्धालुओं की अपार संख्या को देखते हुए, उनके जान माल की सुरक्षा व सुगम जलार्पण हेतु दिया गया हैं. साथ हीं श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा को देखते हुए श्रावणी मेला के दौरान वीआइपी, वीवीआइपी एवं आउट ऑफ टर्न दर्शन पर पूर्णतः रोक 2015 से ही लगाई गयी है. दूसरी ओर, देवघर के उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा की अध्यक्षता में राजकीय श्रावणी मेला, 2025 के दौरान की जा रही तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक का आयोजन समाहरणालय सभागार में किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
इस दौरान उपायुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारियों व कार्यपालक अभियंता की टीम द्वारा मेला क्षेत्र में किए गए कार्यों की विभागवार समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि मेला की शुरूआत से ठीक पहले सारी तैयारियों को पूरी तरह से सुनिश्चित कर लें. इस दौरान मेला से संबंधित सभी विभागों के कार्यशैली की बिंदुवार समीक्षा करते हुए बाबा मंदिर, नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, परिहवन विभाग, भवन प्रमंडल विभाग, राष्ट्रीय उच्च पथ विभाग, विद्युत आपूर्ति, वर्क डिविजन, पथ निर्माण विभाग एवं सूचना जनसम्पर्क विभाग से जुड़े विभिन्न कार्यों को लेकर संबंधित विभाग के वरीय अधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया. इसके अलावा बैठक के दौरान उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने देवतुल्य श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु विभागवार किये जाने वाले कार्यों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए मेला क्षेत्र में सुरक्षित विद्युत आपूर्ति के साथ वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही उपायुक्त ने मेला क्षेत्र में साफ-सफाई के साथ स्वच्छ शौचालय, शुद्ध पेयजल और सुविधाजनक आवासन की व्यवस्था को चौबीसों घंटे दुरुस्त रखने का निर्देश संबंधित अधिकारियों व कार्यपालक अभियंता को दिया. (नीचे भी पढ़ें)
आगे उपायुक्त ने विभागों की बिन्दुवार समीक्षा के क्रम में संबंधित विभाग के अधिकारियों व कार्यपालक अभियंता को निदेशित किया कि मेला के दौरान श्रद्धालुओं के लिए अपने-अपने विभागों द्वारा की जाने वाली व्यवस्थाओं को और भी बेहतर बनाने का हर संभव प्रयास करें, ताकि देवतुल्य श्रद्धालु बाबा नगरी से एक अच्छी अनुभूति लेकर अपने गंतव्य स्थान की प्रस्थान करें. बैठक के दौरान उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने संबंधित विभाग के सभी अधिकारियों को निदेशित किया गया कि आपसी समन्वय के साथ श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं हेतु कार्य करे, ताकि मेले की व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी न रह जाये. बैठक में उपरोक्त के अलावे नगर आयुक्त रोहित सिन्हा, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, मंदिर प्रभारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती, गोपनीय प्रभारी मुकेश कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अभियन्ता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, कार्यपालक अभियन्ता, विद्युत संचरण प्रमंडल, कार्यपालक अभियन्ता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, कार्यपालक अभियन्ता, ग्रामीण कार्य प्रमंडल, कार्यपालक अभियन्ता, कार्यपालक अभियन्ता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, कार्यपालक अभियन्ता, भवन प्रमंडल, कार्यपालक अभियन्ता, पथ एनएच प्रमंडल, ट्रैफिक इंस्पेक्टर, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी, डीएमएफटी की टीम एवं संबंधित विभाग के अधिकारी आदि उपस्थित थे.











