जमशेदपुर : स्थायीकरण समेत अन्य मांगों को लेकर आंदोलन रत जिले के पारा स्वास्थ्य कर्मियों ने सोमवार को यहां बाबा बैद्यनाथ के दरबार में अपनी अर्जी पेश करते हुए विगत 24 जनवरी से आरंभ आमरण अनशन में बीमार शिवरानी कुमारी सहित राज्य के 21 अनशनकारियों के स्वास्थ्य लाभ के साथ ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को सद्बुद्धि प्रदान करने के लिए भी प्रार्थना की. (नीचे भी पढ़ें)

बता दें कि राज्य के पारा स्वास्थ्य कर्मी अपने स्थायीकरण सहित अन्य मांगों को लेकर अभी झारखंड चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के आह्वान पर आंदोलन चला रहे हैं. इसी के तहत देवघर संघ के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार मिश्र के आह्वान पर हड़ताली कर्मचारी आज हाथों में बैनर लेकर जुलूस के रूप में बाबा मंदिर पहुंचे. हड़ताली पारा स्वास्थ्य कर्मियों ने वहां बाबा बैद्यनाथ को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा. (नीचे भी पढ़ें)
इस दौरान उन्होंने आंदोलन के तहत विगत 24 जनवरी से जारी आमरण अनशन के कारण बीमार शिवरानी कुमारी सहित 21 साथियों के स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थना की. आंदोलनकारियों ने इसके साथ ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को सद्बुद्धि प्रदान करने के लिए भी प्रार्थना की ताकि वे उनकी मांगें पूरी करे और उनकी हड़ताल समाप्त हो. (नीचे भी पढ़ें)
हड़ताली कर्मचारियों ने कहा कि इतने दिनों से हड़ताल जारी रहने के बाद भी सरकार उनके मामले में कुछ नहीं कर रही है. इसीलिए वे आज बाबा के दरबार में गुहार लगाने पहुंचे हैं. उन्हें विश्वास है कि बाबा वैद्यनाथ उनकी गुहार जरूर सुनेंगे. इस अनोखे आंदोलन में जिलाध्यक्ष मनोज कुमार मिश्र, अरुण कापरी, संगीता राजहंस, बबिता कुमारी, रानी कुमारी, विपिन कुमार, अजय कुमार सहित करीब दो सौ कर्मचारी मौजूद रहे.











