हजारीबाग : झारखंड के हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र के 13 माइल ट्रांसपोर्टिंग रोड पर बुधवार देर रात पुलिस और गैंगस्टर प्रिंस खान के हथियारबंद गुर्गों के बीच मुठभेड़ हो गई. पुलिस को सूचना मिली थी कि गैंग के कुछ अपराधी कोल ट्रांसपोर्टिंग रूट पर रंगदारी वसूलने और किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं. सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के निर्देश पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया. पुलिस टीम जैसे ही जंगल क्षेत्र में पहुंची, वहां मौजूद अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई. इस दौरान गैंग का एक शूटर पैर में गोली लगने से घायल हो गया. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस ने घायल शूटर को मौके से गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा. वहीं, उसके अन्य साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए. (नीचे भी पढ़ें)

घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कॉम्बिंग ऑपरेशन चला रही है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.




